Wednesday, October 21st, 2026

मालगाड़ी का एक वैगन बेपटरी, मरम्मत कार्य जारी

पीडीडीयू नगर
पीडीडीयू (पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) से कुछ दूरी पर मटकुट्टा गेट के पास सोमवार सुबह पौने ग्यारह बजे गया की ओर जा रही लोडेड मालगाड़ी का वैगन तेज आवाज के साथ बेपटरी हो गया। सूचना मिलते ही रेल अधिकारी दुर्घटना राहत यान से मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कराया।

पीडीडीयू जंक्शन से माल लेकर मालगाड़ी गया की ओर जा रही थी। 10.45 बजे मालगाड़ी मटकुट्टा गेट के समीप सिग्नल नंबर 112 के पास इंजन से दूसरे बोगी का चक्का तेज आवाज के साथ बेपटरी हो गया। इससे डाउन लाइन (डीडीयू से हावड़ा) बाधित हो गई। मालगाड़ी बेपटरी होने की सूचना गेट मैन चंदर ने कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद अधिकारियों में खलबली मच गई।

आनन-फानन में दुर्घटना राहत यान को मौके पर भेजा गया। आरपीएफ के साथ अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची और मालगाड़ी को पटरी पर लाने का प्रयास शुरू हो गया। हावड़ा की तरफ जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनें पहले ही जा चुकी थीं। इससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। इस संबंध में पीआरओ पीडीडीयू मंडल मोहम्मद इकबाल ने बताया कि मरम्मत का कार्य जारी है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।

 

Source : Agency

पाठको की राय