Friday, October 30th, 2026

नशे के नेटवर्क पर करारा वार: 50 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

धमतरी

एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कार से गांजा की तस्करी करते दो तस्करों को पकड़ने में कामयाबी पाई है. तस्करों के पास से 50.94 किलोग्राम गांजा के साथ 2 लाख रुपए नगदी, कार और मोबाइल सहित कुल 32,67,000 रुपए का माल जब्त किया है.

जानकारी के अनुसार, एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम को 14 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली की सिविल लाइन थाना क्षेत्रांतर्गत केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं.

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एण्ड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए.

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ की. जिस पर कार में बैठे लोगों ने अपना परिचय हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज एवं हिमांशु दामले बताया. टीम के सदस्यों द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में अलग – अलग पैकेटों में गांजा रखा होना पाया गया.

आरोपियों के कब्जे से कुल 50 किलो 94 ग्राम गांजा, नगदी रकम 2 लाख रूपये, 2 मोबाइल फोन, टोयोटा कार सहित लगभग 32,67,000 रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 88/26 धारा 20(सी), 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई.

 

#marijuana smuggling

Source : Agency

आपकी राय

8 + 2 =

पाठको की राय