Tuesday, October 20th, 2026

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, दबंगों ने डंपर से महिलाओं पर डाल दी मुरुम, दो अंदर दबीं

रीवा
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई हैं। यहां के हिनौता गांव में जमीन विवाद में दबंगों ने विरोध करने पहुंची महिलाओं के ऊपर डंपर से मुरुम डाल दी। जिसमें एक महिला गले तक और दूसरी कमर तक मुरुम में दब गई। जानकारी के मुताबिक रीवा जिले के मनगवां थाना के गंगेव पुलिस चौकी अंतर्गत हिनौता गांव में दो पक्षों में जमीन का विवाद चल रहा था। इस बीच राजेश सिंह उर्फ छुटकउ अपनी जेसीबी और मुरुम से भरा डंपर लेकर विवादित जमीन पर सड़क बनाने पहुंच गया।

विरोध करने पहुंची थी महिलाएं
जमीन पर सड़क बनते देख आशा पांडेय और ममता पांडेय इसका विरोध करने के लिए पहुंच गईं। महिलाओं को देख वहां मौजूद दूसरे पक्ष के गोकर्ण पांडेय, महेंद्र पांडेय, चंद्रभान पांडेय सहित आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी।

फावड़े से मुरुम हटाकर निकाला बाहर
इसके बाद महिलाओं को जान से मारने के लिए आरोपितों ने उन पर डंपर से मुरुम डाल दी। जिसमें एक महिला गले तक और दूसरी कमर तक इसके अंदर दब गई। यह देख परिवार के लोग वहां दौड़े और फावड़े से मुरुम हटाकर दोनों को बाहर निकाला।

महिलाओं को इलाज के लिए भर्ती करवाया
घटना में बुरी तरह से घायल हो गईं थीं, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव में भर्ती करवाया गया। महिलाओं के साथ मारपीट और उनके मुरम में दबे होने का वीडियो वायरल हो रहा है।

पुलिस ने डंपर मालिक के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
इस घटना गंगेव पुलिस चौकी ने डंपर मालिक सहित मारपीट करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इलाज के बाद अब ममता और आशा पांडेय की हालत अब ठीक बताई जा रही हैं। क्षेत्र के लोगों के अनुसार आज तक ऐसा मामला सामने नहीं आया, जिसमें किसी के ऊपर मुरुम डालने की घटना सामने आई हो।

 

#goons threw gravel on women from a dumper

Source : Agency

पाठको की राय