Tuesday, October 20th, 2026

इंदौर के यशवंत सागर का एक गेट देर रात खोला गया

 इंदौर
 लगातार बारिश से पश्चिमी क्षेत्र स्थित यशवंत सागर तालाब लबालब हो गया है। बुधवार सुबह तालाब अपनी अधिकतम क्षमता 19 फीट तक भर चुका था। बारिश के चलते रात करीब 12 बजे बांध के छह गेट में से एक गेट को खोलना पड़ा। इसके अलावा पीपल्यापाला तालाब भी बहुत जल्द भरने की उम्मीद है। यशवंत सागर प्रभारी और नगर निगम के यंत्री रोहित राय ने बताया कि जलाशय में अब सालभर के लिए पानी उपलब्ध हो गया है। यहां के पानी से बीएसएफ, किला मैदान, संगम नगर और पल्हर नगर की टंकियां भरी जाती हैं। वर्तमान में निगम यशवंत सागर से रोज औसतन 30 एमएलडी पानी लेता है।

कुछ हिस्सों में तेज वर्षा रीगल पर 6.75 एयरपोर्ट क्षेत्र में 10.2 मिमी

इंदौर शहर में बुधवार को अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग समय पर तेज बारिश हुई जिसके कारण कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी। बुधवार को रीगल क्षेत्र में 6.75 मिमी बारिश हुई। वहीं एयरपोर्ट क्षेत्र में शाम 5.30 बजे तक 10.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन के मुताबिक इंदौर में अब तक 680 मिमी बारिश हो चुकी है। पिछले वर्ष इंदौर में 15 सितंबर तक 950 मिमी बारिश हुई थी। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो कम 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम सामान्य से दो अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में अति कम दबाव का क्षेत्र प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना हुआ है।

इसके प्रभाव से इंदौर में बारिश हो रही है और अगले दो दिन तक जारी रहेगी। इसके अलावा गुजरात से बंगाल की खाड़ी तक एक अन्य ट्रफ लाइन बनी हुई है जो मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से इंदौर सहित प्रदेशभर में अच्छी बारिश की संभावना है।

 

#यशवंत सागर

Source : Agency

पाठको की राय