माथे पर सजी बिंदिया हर युवती या महिला के चेहरे पर लगा देती है चार चांद
देसी लिबास हो और माथे पर बिंदिया न सजी हो, तो श्रृंगार अधूरा ही नजर आता है। इसलिए जब ट्रेडिशनल कपड़े पहने जाएं तो भले ही छोटी सी बिंदी माथे पर सजे, पर उसका होना जरूरी है। लेकिन बिंदी लगाते समय अक्सर युवतियों और महिलाओं दोनों को ये कंफ्यूजन होता है कि जो बिंदिया उन्होंने चुनी है वो उनके चेहरे पर फबेगी या नहीं।
खासतौर से जब बिंदी का आकार गोल हो तो कंफ्यूजन और भी ज्यादा बढ़ जाता है। सोच ये हो जाती है कि गोल बिंदी से चेहरा शायद और भारी लगे या उम्र कुछ बढ़ी हुई नजर आए। इसी सोच के साथ या तो गोल बिंदी लगाने का ख्याल छोड़ दिया जाता है या, फिर इतनी छोटी गोल बिंदी लगाई जाती है कि वो बमुश्किल ही दिखाई देती है। हर चेहरे के अनुसार गोल बिंदी भी अलग-अलग तरह से चुनी जानी चाहिए तभी वो आपके लुक में चार चांद लगाती नजर आएगी। चलिए जानते हैं कि किस आकार या बनावट के चेहरे पर किस तरह की गोल बिंदी बेहतर लगेगी।
चौड़ा माथा
अगर आपका माथा चौड़ा है, तो आप बेझिझक बड़ी गोल बिंदी लगाइए। इस तरह के माथे पर बड़े आकार की बिंदी खूबसूरत लगती है। वो चाहें प्लेन हों या डिजाइन वाली। वैसे चौड़े ललाट वाली महिलाओं पर डार्क मैरून रंग की गोल बिंदी हमेशा शोभा देती है। खासतौर से अगर वो उसे साड़ी के साथ पेयर करती हैं तो समझिए कि चारों चांद एक ही बिंदी में सिमट जाते हैं।
दूर भौंहें होने पर
कुछ युवतियों या महिलाओं की भौहों के बीच गैप ज्यादा होता है। ऐसी युवतियां या महिलाएं भी बड़ी गोल सजी हुई बिंदी लगा सकती हैं। आइब्रो के बीच जगह ज्यादा होने पर फैंसी बिंदिया भी सुंदर लगती हैं। एक तो वो बीच की खाली जगह को खूबसूरती से फिल करती हैं। साथ ही चेहरे का पूरा लुक ही बदल देती हैं। ऐसा चेहरा होने पर युवतियां या महिलाएं बिंदी के नीचे एक छोटी बिंदी या चंद्राकार बिंदी भी लगा सकती हैं। साथ ही बॉर्डर वाली बिंदियां भी उन पर खूब जंचती हैं।
लंबा चेहरा होने पर
लंबे चेहरे पर गोल बिंदियां अलग ही लुक देती हैं। जिनका चेहरा लंबा है वो गोल बिंदियों के साथ-साथ अलग अलग एक्सपेरिमेंट भी कर सकती हैं। वो थोड़ी छोटी या हेवी डिजाइन वाली बिंदी अपने लिए चुन सकती हैं। लंबे पतले चेहरे पर गोल बिंदी कंट्रास्ट लुक देती हुई दिखती हैं। यही वजह है कि लंबे या आयातकार चेहरे पर गोल बिंदी सबसे अलग नजर आती है।
चेहरा छोटा हो तो
कुछ युवतियों का चेहरा बहुत छोटा होता है। उन पर बड़ी बिंदियां अजीब दिखती हैं। ऐसी युवतियां छोटी बिंदी लगाकर अपना शौक पूरा कर सकती हैं। छोटे चेहरे वाली युवतियों को ज्यादा फैंसी डिजाइन की बिंदियों की जगह प्लेन या सॉलिड कलर्स की बिंदी लगानी चाहिए। अगर पार्टी लुक चाहिए तो वो नग वाली बिंदी लगाकर खूबसूरती बढ़ा सकती हैं।
ओकेजन के अनुसार चुनें बिंदी
बिंदी हमेशा ओकेजन के अनुसार चुनी जानी चाहिए। अगर आप ऑफिस या कॉलेज जा रही हैं तो फैंसी बिंदी की जगह प्लेन बिंदी ही चुनें। ओकेजन के अलावा अपनी ड्रेस के अनुसार भी बिंदी का ख्याल रखना जरूरी है। सिंपल सोबर ड्रेस के साथ ज्यादा फैंसी बिंदी मैच नहीं करेगी। साथ ही गहने जेवरों से लदकद हों तो भी फैन्सी बिंदी की जगह प्लेन बिंदी चुनें। सेमी ट्रेडिशनल पार्टी लुक के साथ डिजाइनर बिंदी शानदार लगेगी।

पाठको की राय