Monday, October 19th, 2026

परिवहन विभाग ने प्रदेश भर में बसों पर की कार्रवाई, 22 दिन में 5251 बसों से वसूला 3.83 करोड़ जुर्माना

ग्वालियर
सीधी के दर्दनाक बस हादसे के बाद परिवहन विभाग ने प्रदेश भर में बसों के खिलाफ अभियान छेड़ा है। परिवहन अधिकारियों द्वारा यात्री बसों की सघन चैकिंग कर देखा जा रहा कि इनमें नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।

चैकिंग के दौरान 22 दिनों के अंदर करीब 5251 ऐसी बसें पकड़ी गर्इं हैं,जिनके मालिक अपने फायदे के लिए नियमों की धज्जियां उड़ाकर सवारियों की जान जोखिम में डाल रहे थे। इन सभी बसों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग ने 3.83 करोड़ जुर्माना वसूला है। वहीं 99 बसों के स्थाई परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।

परिवहन मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सीधी हादसे के बाद सभी जिलों के एक साथ बसों की चैकिंग शुरू कर दी गई। इसके तहत 17 फरवरी से लेकर 10 मार्च तक कुल 21251 बसों की पूरे प्रदेश में जांच की गई। इनमें से 863 बसों में क्षमता से अधिक सवारी पाई गर्इं। 127 बसों पर परमिट नहीं थे। 55 बसें ऐसी थीं,जिनका बीमा नहीं था। 193 बसों पर पीयूसी नहीं था। 60 बसों के चालकों पर ड्राइविंग लायसेंस नहीं था। 185 परिचालकों पर लायसेंस नहीं था। 137 बसों पर फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं था। अलग-अलग तरह की अनियमिता वाली  करीब 446 बसों को मौके पर ही जब्त कर नजदीकी थानों पर खड़ा करा दिया।

बसों की चैकिंग अभियान के तहत प्रदेश भर में कुछ 99 बसों के परमिट निरस्त किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 18 बसों के परमिट भोपाल संभाग के निरस्त हुए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर ग्वालियर में 10 बसों के,रीवा में 14 बसो के जबलपुर में 13 बसों के सागर में 12 बसों के इंदौर में 12 बसों के उज्जैन में 10 बसों के होशंगाबाद में 6 बसों के शहडोल में 3 बसों के और चंबल संभाग में 1 बस का परमिट निरस्त किया गया है।

इनका कहना
नियमों का पालन नहीं करने वाली बसों का चैकिंग अभियान जारी रहेगा। पिछले 22 दिनों में 21251 बसों की प्रदेश भर में जांच हुई। नियमों का पालन नहीं करने वाली 5251 बसों से 3.83 करोड़ जुर्माना बसूला गया है।
अरविन्द कुमार सक्सेना
अपर परिवहन आयुक्त(प्रवर्तन),मप्र

 

#परिवहन विभाग

Source : Agency

पाठको की राय