संडे टोटल लॉकडाउन: एक बार फिर भोपाल की सड़कों पर छाया सन्नाटा, 128 स्थानों पर सख्ती से चैकिंग
भोपाल
राजधानी में बीते एक सप्ताह से कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैला है। इस पर काबू पाने के लिए एक साल बाद फिर से भोपाल में शनिवार देर रात 10 बजे से शहर में टोटल लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। आज सुबह 10 बजे तक कुछ राहत दी गई। इसके बाद से शहर में जबरदस्त सख्ती देखी गई। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों सहित करीब 130 स्थानों पर पुलिस ने बेरीकेट्स लगाकर सख्ती से आवागमन करने वालों से पूछताछ की जा रही है। भोपाल में नए और पुराने शहर सहित शहर में प्रवेश के सभी मुख्य रास्तों में 3000 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि शहर में लॉकडाउन का पालन कराया जा सके।
टोटल लॉकडाउन के कारण पूरा एमपी नगर शनिवार देर रात बंद हो गया था। यहां पर हॉस्टल अधिक होने के कारण स्टूडेंटों ने रात में ही खाने-पीने का सामान स्टोर करके रख लिया। वहीं, चाय-नाश्ते की दुकानें सुबह से बंद होने के कारण स्टूडेंटों और लोगों को परेशान होना पड़ा। आज दिन भर भी दुकानें बंद होने के कारण हजारों स्टूडेटों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर के प्रमुख बाजारों में शुमार न्यू मार्केट में रविवार को भारी भीड़ रहती है। लेकिन आज टोटल लॉकडाउन के कारण पूरे न्यू मार्केट में सन्नाटा छाया रहा। यहां पर आज दुकानें बंद होने के कारण सोमवार को बाजार खोला जाएगा। व्यापारियों ने भी प्रशासन का सहयोग करते हुए यहां पर स्वयं दुकानें बंद रखीं।
शहर के उपनगर कोलार में सुबह 10 बजे तक कुछ इलाकों में हलचल देखी गई। इसके बाद पूरे कोलार में सन्नाटा छा गया। यहां पर मजदूर वर्ग और निचले तबके के हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में लॉकडाउन होने के कारण लोग घरों से नहीं निकले, लेकिन अपनी-अपनी बस्तियों में आवागमन करते देखे गए।
राजधानी में व्यापारिक केंद्रों में से एक बैरागढ़ में आज सुबह से ही दुकानों पर ताला लगा रहा। कुछ दिनों बाद होली का पर्व होने के कारण एक-दो दिन पहले यहां पर दिनभर बाजारों में चहल-पहल बनी रहती थी। लेकिन आज ऐसा नहीं था। शनिवार शाम से ही भीड़ का माहौल कम देखा गया और आज पूरी तरह से शांति रही।
शहर के बीएचईएल इलाके में स्थित टाउनशिप और कई कॉलोनियों में भी स्टूडेंट अधिक होने के कारण यहां पर लॉकडाउन के कारण स्टूडेटों को परेशानियां उठानी पड़ी। सुबह से स्टूडेंट चाय-नाश्ते के लिए परेशान होते देखे गए। साथ ही टाउनशिप की कॉलोनियों में भेल कर्मचारी भी अपने-अपने घरों में बंद रहे।
लॉकडाउन के चलते भोपाल शहर में शनिवार रात दस बजे के बाद से ही सन्नाटा पसर गया था। रविवार सुबह भी सड़कें सूनी नजर आईं। वहीं, हर रविवार को सुबह से ही पिकनिक स्पॉटों पर लोग जमा होने लगते थे। आज लॉकडाउन के कारण ऐसे स्थानों पर सन्नाटा देखा गया।
ये रहे पूरी तरह से बंद
- 31 मार्च तक स्कूल कॉलेजों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।
- अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दफ्तर बंद रहे।
- व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
- किराना दुकानें।
- पार्क बंद रहे।
- शराब दुकानें बंद रहीं।
#टोटल लॉकडाउन#छाया सन्नाटा#चैकिंग

पाठको की राय