Saturday, October 24th, 2026

2 बच्चों के बैंक खाते में आ गए 900 करोड़ रुपए, अपना-अपना अकाउंट चेक करने को लगी कतार

आजमनगर (कटिहार)
बिहार के खगड़िया में एक युवक के खाते में गलती से पांच लाख से ज्यादा की राशि आने और उस राशि को मोदी द्वारा भेजने की बात कहते हुए वापस करने से इनकार करने का मामला अभी गर्म है। इसी बीच कटिहार में दो बैंक खातों में 900 करोड़ से ज्यादा की राशि आ गई है। इतनी बड़ी राशि एकाउंट में आने से बैंक अधिकारी भी हैरान हैं। दोनों एकाउंट में इतनी राशि आने की बात पता चलते ही अन्य लोगों ने भी अपने खाते चेक करने शुरू कर दिये। अपना अपना एकाउंट चेक करने पहुंचे लोगों के कारण सीएसपी सेंटर पर कतार लगी रही।  बिहार में स्कूली बच्चों की पोशाक की राशि बैंक खाते में ही आती है। बुधवार को आजमनगर थाना क्षेत्र की बघौरा पंचायत स्थित पस्तिया गांव के दो बच्चे गुरुचंद्र विश्वास और असित कुमार पोशाक की राशि के बारे में जानने के लिए एसबीआई के सीएसपी सेंटर पहुंचे। यहां उनको पता चला कि दोनों के खातों में तो करोड़ों रुपए जमा हैं। यह सुनकर बच्चे ही नहीँ आसपास खड़े अन्य लोग भी चौंक गए।

खाता उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक भेलागंज शाखा का है। सीएसपी से पता चला कि छात्र गुरुचन्द्र विश्वास के खाता संख्या 1008151030208081 में 60 करोड़ से अधिक और असित कुमार के खाता संख्या 1008151030208001 में 900 करोड़ से ज्यादा की राशि है। शाखा प्रबंधक मनोज गुप्ता को भी जब यह पता चला तो वह हैरान रह गए। उन्होंने दोनों बच्चों के खाते से भुगतान पर रोक लगाते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। बैंक के वरीय पदाधिकारियों को भी इस बारे में सूचना दी जा रही है। वहीं एलडीएम एमके मधुकर ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। बैंक से मामला आने के बाद इसकी जांच की जायेगी। 
 

 

#900 crores

Source : Agency

पाठको की राय