Tuesday, October 20th, 2026

ईरान में पाकिस्तान के 9 नागरिकों की गोली मारकर हत्या, दो मुस्लिम देशों के बीच फिर बढ़ेगा तनाव

तेहरान.

ईरान के दक्षिणपूर्वी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान में नौ पाकिस्तानी नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज ज़हरा बलोच के हवाले से एक बयान में कहा गया, ''यह एक भयावह और घृणित घटना है और हम इसकी स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं।''उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है और घटना की तुरंत जांच करने और अपराध में शामिल लोगों पर कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

बलोच ने कहा, ''दक्षिणपूर्वी ईरान के शहर जाहेदान में पाकिस्तान के वाणिज्य दूत अस्पताल जा रहे हैं, जहां घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है और लंबी दूरी और सुरक्षा अनिवार्यताओं के कारण कुछ घंटों में वहां पहुंच जाएंगे।'' उन्होंने कहा कि वाणिज्य दूत स्थानीय अधिकारियों से भी मिलेंगे और अन्य बातों के अलावा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तत्काल आवश्यकता पर जोर देंगे। अर्ध-आधिकारिक मेहर समाचार एजेंसी ने बताया कि शनिवार को सिस्तान और बलूचिस्तान में अज्ञात हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा नौ गैर-ईरानी नागरिकों की हत्या कर दी गई। एजेंसी ने जानकार लोगों के हवाले से बताया कि हथियारबंद लोगों ने शनिवार तड़के सरवन काउंटी के एक घर में विदेशी नागरिकों की हत्या कर दी। पाकिस्तानी प्रवक्ता ने कहा, ''हम इस गंभीर मामले से पूरी तरह परिचित हैं और इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं और दूतावास शवों को जल्द से जल्द वापस लाने की पूरी कोशिश करेगा।'' बलोच लोगों की वकालत करने वाले एक समूह ‘हलवाश’ ने ऑनलाइन तस्वीरें साझा की हैं जो पीड़ितों के शवों की प्रतीत हो रही हैं। समूह ने कहा कि तीन लोग घायल हो गए। यह भी बताया गया कि वे पाकिस्तानी नागरिक थे। उसने चार लोगों की पहचान करते हुए कहा कि सभी पीड़ित वाहनों का रखरखाव करने वाली एक दुकान में कर्मचारी थे।

आपको बता दें कि पिछले हफ्ते पाकिस्तान ने कथित तौर पर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए उसी क्षेत्र में जवाबी हमले किए थे, जिसमें कम से कम नौ लोग मारे गए थे। ये हमले मंगलवार को पाकिस्तानी धरती पर ईरान के हमले के बाद हुए, जिसमें दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में दो बच्चों की मौत हो गई थी।

 

#9 Pakistan citizens#shot dead in Iran#tension#Muslim countries

Source : Agency

पाठको की राय