एक लाख रुपए के इनामी सहित 9 नक्सलियों ने किया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आत्मसमर्पण
रायपुर
छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक लाख रुपए के इनामी नक्सली समेत 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर हिंसा का रास्ता छोड़ा। सभी पिछले कई वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय थे। सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि सभी नक्सली जिले के बडेशेट्टी इलाके में सक्रिय थे। नक्सलियों ने सरेंडर से पहले नक्सल संगठन पर शोषण और भेदभाव का आरोप लगाया और शासन की पुनर्वास नीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि इन नक्सलियों के समर्पण से सुकमा जिले में शांति कायम होगी।
एएसपी आंजनेय वैष्णव ने बताया कि नक्सल संगठन के भेदभाव से तंग आकर नक्सलियों ने एसपी कार्यालय में सरेंडर किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में कलमू हिड़मा, रवा जोगा, हेमला मनीराम, कमलू मल्ला, रवा भीमा, रवा पोज्जा, सोडी गंगलू, अड्डी दिनेश, कलूम जोगा शामिल हैं। इन सभी को शासन की पुनर्वास योजना का लाभ दिया जाएगा। बता दे कि इससे पहले 20 अक्टूबर को 43 नक्सलियों ने एसपी व सीआरपीएफ के जवानों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया था। 10 दिनों के अंतराल में फोर्स द्वारा चलाए जा रहे अभियान नई सुबह की नई शुरुआत को बड़ी सफलता मिली है।

पाठको की राय