Monday, October 19th, 2026

किशोरों में मिली 82% एंटीबाडी, छह साल तक के बच्चों में 69%, एनसीडीसी के मार्गदर्शन में हुआ सर्वे

इंदौर
इंदौर जिले में बच्चों में कोविड संक्रमण के प्रति एंटीबाडी की जांच में हुए सर्वे में मिली जानकारी के मुताबिक छह साल से कम उम्र के बच्चों के मुकाबले किशोरों में ज्यादा एंटीबाडी बनी है। एमजीएम मेडिकल कालेज प्रबंधन द्वारा भले ही अभी सीरो सर्वे रिपोर्ट जारी नहीं की गई है लेकिन सूत्रों के मुताबिक इंदौर में दो हजार बच्चों पर हुए सर्वे में एंटीबाडी 79.60 प्रतिशत पाई गई है।

चिकित्सकों के मुताबिक इस सर्वे से स्पष्ट है कि 10 में से आठ बच्चों को कोविड संक्रमण हुआ है और वो एसिम्पटमेटिक रहे है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार एक से छह साल के बच्चों में एंटीबाडी का स्तर 69 प्रतिशत व 7 से 9 साल के बच्चों में एंटी बाडी का स्तर 78 प्रतिशत व 10 से 17 वर्ष के बच्चों में एंटी बाडी का स्तर 82 प्रतिशत मिला हैं। इनमें से कुछ बच्चों को चिन्हित कर अगले छह माह में पुन: सैम्पल लिया जाएगा ताकि यह पता किया जा सके कि बच्चों का एंटीबाडी लेवल छह माह बाद कितना है।

गौरतलब है कि इंदौर के 25 वार्डों को चुनकर उनमें रहने वाले परिवारों में बच्चों का तीन केटेगरी में सर्वे किया गया था। गौरतलब है कि इंदौर में 18 वर्ष से कम उम्र के आठ से दस लाख बच्चों का आंकलन किया गया है। एनसीडीसी नई दिल्ली के मार्गदर्शन में यह सर्वे हुआ था। इसके लिए एमजीएम मेडिकल कालेज को रक्त नमूनों की जांच के लिए 50 लाख रुपये की मशीन व जांच किट भी मिली थी। गौरतलब है कि कोविड की तीसरी लहर में बच्चों के ज्यादा प्रभावित होने की अटकलों की जांच के लिए एनसीडीसी द्वारा इंदौर में यह सर्वे करवाया गया था।

चाचा नेहरु अस्पताल के प्रभारी डा. हेमंत जैन के मुताबिक सीरो सर्वे की जो भी रिपोर्ट आए उसमें यह देखना है कि बच्चों को एंटीबाडी से सुरक्षा कितनी मिलेगी। इसमें यह भी देखना होगा कि एंटीबाडी कितने समय तक रहेगी इसके लिए हमें जिन बच्चों के अभी सैम्पल लिए है उनके छह माह बाद सैम्पल लेना होंगे। ज्यादातर बच्चे यदि ए सिम्पटमेटिक है। ऐसे में वायरस संक्रमण से जो एंटीबाडी मिलती है वो एक निर्धारित समय तक रहती है। यदि बच्चों के लिए टीका विकसीत हो तो उससे बच्चों में एंटीबाडी ज्यादा विकसीत होगी और बच्चों को कोविड से लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करेगी। सीरो सर्वे में यदि 79 रिजल्ट आया है इसका मतलब यह है कि इंदौर में 10 में से आठ बच्चों को कोविड संक्रमण हुआ है और वो ए सिम्पटमेटिक रहे है।

 

#NCDC

Source : Agency

पाठको की राय