Tuesday, October 20th, 2026

70 साल के बुजुर्ग ने ईशा चोपड़ा के साथ की छेड़खानी

मुंबई

फिल्म 'नीरजा' और वेब सीरीज 'मेड इन हेवन' में नजर आईं एक्ट्रेस ईशा चोपड़ा के साथ हाल ही एक 70 साल के बुजुर्ग ने छेड़खानी कर दी। ईशा चोपड़ा बुरी तरह घबरा गईं और 10 दिन तक सो नहीं पाईं। ईशा चोपड़ा ने अब सोशल मीडिया पर लंबे-चौड़े पोस्ट में दिल दहला देने वाली आपबीती सुनाई है। ईशा चोपड़ा ने यह भी बताया है कि वह इसी घटना की वजह से पिछले कुछ दिन से सोशल मीडिया से दूर थीं।

ईशा चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 10 पेज का पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने साथ घटी भयावह घटना की एक-एक डिटेल दी है। साथ ही बताया है कि वह 70 साल का बुजुर्ग कैसा था, और उसने एक्ट्रेस को किस तरह अपनी ओर खींचा, और यहां-वहां छेड़ने लगा।

ईशा चोपड़ा ने लिखा है, 'लगभग 10 दिन पहले एक पब्लिक प्लेस पर एक अनजान आदमी ने मेरे साथ छेड़छाड़ की। उसने मुझे दबोच लिया। वह अच्छे कपड़े पहने हुए था। पढ़ा-लिखा लग रहा था और उसकी उम्र 70 साल के करीब थी। वह मेरे पास आया और अपना परिचय दिया। उसने मेरे हाथ मिलाने को यह समझ लिया कि उसे मुझे अपनी ओर खींचना का निमंत्रण मिल गया है। जहां मन किया अपने हाथों से छूने लगा। मैं इस वजह से कई दिनों तक शॉक में रही।'

ईशा ने बताया है कि वह सबकुछ इतना जल्दी हुआ कि वह एकदम फ्रीज हो गई थीं। कुछ समझ नहीं पाईं कि क्या करें। ईशा चोपड़ा के मुताबिक, उनके लिए जैसे सबकुछ रुक गया था, और वह शख्स बड़े आराम से वहां से निकल गया।

ईशा चोपड़ा ने पोस्ट में आगे बताया है कि जब वह 7 साल की थी, तब पहली बार उन्होंने इस तरह के एब्यूज का सामना किया था। उस आदमी का चेहरा उन्हें आज तक याद है।

 

Source : Agency

पाठको की राय