Wednesday, October 21st, 2026

कटनी में धंसी सुरंग में दबे 7 मजदूर बचाए गए, दो अन्य को बचाने के लिए अभियान जारी

कटनी

मध्य प्रदेश में कटनी जिले के स्लीमनाबाद के नजदीक एक निर्माणाधीन सुरंग के अचानक धंसने से वहां काम कर रहे नौ मजदूर मलबे में दब गए थे। इनमें से सात मजदूरों को रविवार सुबह तक सकुशल बाहर निकाल लिया गया है जबकि दो लोगों को बचाने के प्रयास जारी है। यह घटना बरगी नहर परियोजना के अंतर्गत हो रहे भूमिगत नहर के कार्य के दौरान शनिवार देर रात को हुई।

शिवराज ने किया ट्वीट
मध्य प्रदेश गृह विभाग के अपर प्रमुख सचिव राजेश राजोरा ने बताया कि सात मजदूरों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब इस सुरंग में केवल दो मजदूर ही फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने के लिए अभियान जारी है। राजोरा ने बताया कि वह भोपाल स्थित वल्लभ भवन स्थिति कक्ष से बचाव कार्य की चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख जताया और रेस्क्यू ऑपरेशन सकुशल संपन्न होने की कामना की है।

जीवित हैं मजदूर
स्लीमनाबाद के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) एस एम गौतम एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (स्लीमनाबाद) मोनिका तिवारी ने बताया कि फंसे हुए मजदूर भी जीवित हैं और उन्हें भी बचाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। राजोरा ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) एवं बचाव दल के अन्य सदस्य सुरंग में फंसे हुए दो अन्य मजदूरों को बचाने के लिए जी जान से लगे हुए हैं।

 

#surang

Source : Agency

पाठको की राय