Friday, October 23rd, 2026

प्रदेश के 88 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का 6400 करोड़ रुपए बकाया,जमा राशि अगले बिल में समायोजित होगी

भोपाल 
 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विधानसभा में राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए राहतों को झड़ी लगा दी। एक के बाद एक उन्होंने कई घोषणाएं कीं। प्रदेश के 88 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं का छह हजार 400 करोड़ रुपये का बिल माफ होगा। कोरोनाकाल के समय स्थगित बिलों की बकाया राशि को लेकर यह निर्णय लिया गया है। साथ ही कमल नाथ सरकार की कर्ज माफी योजना की कारण जो किसान डिफाल्टर हो गए थे, उन्हें ब्याज माफी दी जाएगी। यह राशि सरकार बैंकों को देगी।

एक अन्य बड़ा कदम उठाते हुए तय किया गया है कि पुलिस आरक्षक भर्ती में अब 50 प्रतिशत अंक शारीरिक दक्षता के होंगे। रिक्त पदों पर भर्ती का काम तेजी के साथ चलेगा। मुख्यमंत्री ने दो घंटे से अधिक के भाषण में हर वर्ग को छूने का प्रयास किया। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों का जवाब भी दिया और सरकार जो कदम उठा रही है, उसका ब्योरा भी दिया।

उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में बिजली बिल की वसूली स्थगित की गई थी। स्थिति सामान्य होने पर बिलों में राहत देने हुए सरचार्ज माफ करने के साथ छह किस्तों में बिल समाधान योजना लागू की थी। अब तय किया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं का कोरोनाकाल का बकाया बिल माफ किया जाएगा। जिन 48 लाख उपभोक्ताओं ने 189 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं, उनकी राशि का समायोजन आगामी बिलों में किया जाएगा।

कांग्रेस ने किसानों की कर्जमाफी को लेकर जो वचन दिया था, वो कितना खरा उतरा, इसका फैसला जनता ने कर दिया है। कर्ज माफी के चक्कर ने किसानों ने कर्ज अदायगी नहीं की और वे डिफाल्टर हो गए। ऐसे 10 लाख से अधिक किसानों के कर्ज के ब्याज का बोझ सरकार उतारेगी। किसानों को ब्याज माफी दी जाएगी और इसकी प्रतिपूर्ति सहकारी बैंकों को करेंगे। दो साल में एक लाख 72 हजार करोड़ रुपये का लाभ किसानों को दिया जा चुका है।

किन लोगों और किस अवधि के लिए मिलेगा लाभ?

ऐसे उपभोक्ता, जिनके पास 1 किलोवॉट तक का कनेक्शन है, उन्हें इस माफी का फायदा मिलेगा। प्रदेश में 1 करोड़ 20 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। इनमें से विशेष तौर पर करीब 88 लाख कंज्यूमर्स के अप्रैल 2020 से 31 अगस्त 2020 तक के बिजली बिजली माफ किए जाएंगे। इसी समय को सरकार ने कोविड काल माना है। घोषणा पर विभाग का आदेश जारी होने के बाद अमल शुरू हो जाएगा।


जिन लोगों ने बिल जमा कर दिए, उनका क्या?

अगर आपने बिजली बिल जमा कर दिया है, तो भी मुख्यमंत्री की घोषणा का लाभ मिलेगा। इसके मुताबिक जमा राशि को आने वाले बिलों में एडजस्ट किया जाएगा। यानी आगामी महीने के बिजली बिल में ये राशि कम होकर आएगी। इसे ऐसे समझें कि यदि किसी उपभोक्ता ने दो हजार रुपए जमा किए थे, तो ऐसे में आने वाले बिलों में इस राशि को बिल में ही एडजस्ट कर दिया जाएगा। जब तक पूरी राशि एडजस्ट नहीं हो जाती, तब तक अगले बिलों से समायोजित किया जाता रहेगा। इस दौरान साढ़े 14 लाख उपभोक्ताओं के 189 करोड़ रुपए समायोजित किए जाएंगे।

कब से लागू होगा आदेश?

फिलहाल, मुख्यमंत्री ने विधानसभा में यह घोषणा की है। अब बिजली कंपनी की ओर से आदेश जारी किया जाएगा। इसके बाद ये आदेश लागू हो जाएगा। आदेश कब से लागू होगा और किस महीने से बिलों का समायोजन किया जाएगा, यह साफ नहीं है।

 

#बिजली उपभोक्ताओं

Source : Agency

पाठको की राय