Sunday, October 25th, 2026

संसद भवन की छत पर 6.5 मीटर ऊंचा अशोक स्तंभ लगा, पीएम मोदी ने किया अनावरण

नई दिल्ली
पीएम नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने नए संसद भवन पर लगे अशोक स्तंभ का अनावरण कर दिया है। पीएम मोदी ने सोमवार सुबह संसद भवन की छत पर लगे राष्ट्रीय प्रतीक का अनावरण किया। कांस्य से बना अशोक स्तंभ 6.5 मीटर ऊंचा है। इस दौरान मोदी ने नई संसद के काम में लगे लोगों से भी बातचीत की। इस मौके पर पीएम के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। पीएम ने वहां लगे दो लिवर खींचकर अशोक स्तंभ का अनावरण किया।

इस साल तक काम पूरा होने की उम्मीद
सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट (Central Vista Project) के तहत संसद भवन का निर्माण किया जा रहा है। नई इमारत का काम इस साल पूरा होने की उम्मीद है। यह इमारत एक त्रिकोण के आकार की होगी, इसके अंदरूनी हिस्सों में तीन राष्ट्रीय प्रतीक मुख्य रूप से होंगे जिसमें कमल, मोर और वटवृक्ष शामिल हैं। वहीं, लोकसभा की थीम राष्ट्रीय पक्षी मोर होगा। राज्यसभा में राष्ट्रीय फूल कमल होगा। बता दें कि दिसंबर, 2020 में प्रधानमंत्री मोदी ने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए संसद भवन की आधारशिला रखी थी। नए संसद भवन में एक विशाल संविधान हाल होगा, जिसमें देश की लोकतांत्रिक विरासत की झलक मिलेगी। संसद सदस्यों के लिए एक लाउंज और लाइब्रेरी भी होगी। साथ ही भोजन करने और पार्किग के लिए पर्याप्त स्थान होगा।

 

 

#6.5 meters high Ashoka Pillar

Source : Agency

पाठको की राय