पचमढ़ी में एक वाहन की विजिट के लगेंगे 500 रुपए
भोपाल
पचमढ़ी और अन्य वन्य प्राणियों वाले पर्यटक स्थलों में भ्रमण करने के लिए अब लोगों की एंट्री आसान नहीं होगी। अब पैदल चलने से लेकर वाहनों और दो पहिया वाहनों से भ्रमण तक के लिए अलग से शुल्क वन विभाग वसूलेगा। वन महकमे ने इसको लेकर पूर्व में तय की गई दरों में संशोधन करते हुए नए भ्रमण शुल्क तय किए हैं। इसी सप्ताह किए गए नोटिफिकेशन में कहा गया है कि एक विजिट और एक दिन के भ्रमण के लिए एक ही दिन का एंट्री पास जारी किया जाएगा। पचमढ़ी में वन विभाग द्वारा तय किए गए सभी स्थानों और व्यू पाइंट्स के भ्रमण के लिए अब एक वाहन का एक दिन का एंट्री शुल्क 500 रुपए होगा। पर्यटक एक हजार रुपए देकर तीन दिन का विशेष अनुज्ञा पत्र हासिल कर भ्रमण कर सकेंगे।
इसके पहले 27 अगस्त को किए गए नोटिफिकेशन में एंट्री परमिशन की व्यवस्था तय की गई थी। इसमें कहा गया था कि पचमढ़ी में सभी स्थानों और व्यू पाइंट्स के भ्रमण के लिए पर्यटक तीन दिन के लिए विशेष एंट्री परमिशन दोगुनी दर से भुगतान कर ले सकेंगे। यहां हल्के वाहन एवं मिनी बस में सिंगल सीट के लिए 250 और छह सीट वाले वाहन के लिए 1500 रुपए शुल्क तय किया गया था। स्कूटर, मोटर साइकिल और अन्य दो पहिया वाहन में दो व्यक्तियों के लिए 500 रुपए, आटो रिक्शा (अधिकतम तीन व्यक्ति) के लिए 1000, हल्के मोटर वाहन के लिए 1500 और बस व मिनी बस के लिए 3000 रुपए शुल्क तय किया गया था। इसमें साफ किया गया है कि यह शुल्क सिर्फ प्रवेश अनुमति के लिए है। पर्यटन वाहन और गाइड शुल्क की राशि अलग से देना होगी। इस व्यवस्था में पैदल, टैÑकिंग, साइकिलिंग के लिए 150 रुपए, कैंपिंग के लिए 750, बोटिंग के लिए 500 और सुबह या शाम को भ्रमण करने के लिए 250 रुपए देना होंगे।

पाठको की राय