Wednesday, October 21st, 2026

अफगानिस्तान में तूफान, बाढ़ से 50 लोगों की मौत

 काबुल
उत्तरी अफगानिस्तान के बगलान प्रांत में आए तूफान और बाढ़ से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई।आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रांतीय निदेशक हेदायतुल्ला हमदर्द ने कहा, "तूफान और बाढ़ ने गोजरगाह-ए-नूर, जेलगाह, नाहरीन, बगलान-ए-मरकज़ी और बरका जिलों के साथ-साथ पुल-ए-खुमरी की प्रांतीय राजधानी को प्रभावित किया।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, तूफान और बाढ़ ने तखर, बदख्शां तथा समांगन समेत अन्य उत्तरी प्रांतों के अधिकांश हिस्सों को भी प्रभावित किया, जिससे लोग हताहत हुए और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा।

अफगानिस्तान में पिछले महीने से भारी बारिश और बाढ़ आ रही है। इससे पहले देशभर में 80 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।
प्राकृतिक आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला जानान सैक ने कहा कि बाढ़ का असर राजधानी काबुल पर भी पड़ा है। उन्होंने बताया कि बचाव टीम भोजन और अन्य सहायता भी पहुंचा रही हैं। सैक ने कहा कि अधिकारियों का पूरा ध्यान बचाव अभियान पर है और वह हताहतों की संख्या तथा बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में बाद में सटीक जानकारी दे पाएंगे।

 पिछले माह भी देश में भारी बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई थी तथा लगभग 2000 घर, तीन मस्जिदें और चार स्कूल क्षतिग्रस्त हो गए थे। सैक ने बताया कि हजारों लोगों को मानवीय सहायता की जरूरत है।

 

#flash floods

Source : Agency

पाठको की राय