Tuesday, October 20th, 2026

PoK से 400 आतंकी घुसपैठ की फिराक में, आर्मी चीफ बोले- हम तैयार

नई दिल्ली
सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में चल रहे आतंकी प्रशिक्षण शिविरों एवं लॉन्च पैड में 350-400 आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में बैठे हैं हालांकि, सेना पूरी तरह से सतर्क है। नरवणे ने बुधवार को सेना की वार्षिक प्रेस कांफ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने कहा कि खुफिया स्रोतों से जानकारी मिली है कि पश्चिमी सेक्टर में सीमापार आतंकी शिविरों में बड़ी संख्या में आतंकी मौजूद हैं। हालांकि नियंत्रण रेखा से सर्दियों के दौरान घुसपैठ में कमी आ जाती है लेकिन जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा की तरफ से इस तरह का खतरा बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना के साथ गोलीबारी को विराम देने के लिए हुई सहमति के बाद पिछले वर्ष फरवरी के बाद इसके उल्लंघन की इक्का-दुक्का घटनाएं ही हुई हैं। इससे स्थिति को कुछ हद तक सामान्य करने में मदद मिली है लेकिन घुसपैठ का खतरा कम नहीं हुआ है। सेना प्रमुख के अनुसार, पश्चिमी क्षेत्र में खतरा कम नहीं हुआ है और इसलिए हमें सतर्क बने रहना है। उन्होंने सरकार के रुख से जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति में लगातार सुधार होने की बात भी कही।

नरवणे ने माना कि ड्रोन के इस्तेमाल से चुनौती बढ़ी है और हथियारों के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी में भी इनका इस्तेमाल किया जा रहा है। यह खतरा बढ़ा रहा है लेकिन सेना और गृह मंत्रालय दोनों इससे निपटने के उपाय कर रहे हैं।

 

#PoK से 400 आतंकी

Source : Agency

पाठको की राय