Sunday, October 25th, 2026

बारात में आई दो नाबालिगों के साथ 4 युवकों ने किया दुष्कर्म, दुल्हन का भाई गिरफ्तार

सरगुजा। बारात में आई दो नाबालिग युवतियों को चार युवकों ने बंधक बनाकर जबरन शराब पीलाने के बाद सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सीतापुर पुलिस ने इस मामले में दुल्हन के भाई को गिरफ्तार कर लिया हैं जबकि फरार तीन युवकों की तलाश में जुट गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर क्षेत्र के ग्राम काराबेल बिशुनपुर में 10 जून को बारात आई थी। इसी में शामिल होने के लिए बारात के साथ रायगढ़ से 15-16 साल की दो किशोरियां भी अपने परिजनों के साथ पहुंची थी। वहां दुल्हन का भाई अनिल भगत और उसके तीन अन्य साथी मुकेश तिग्गा, अखिलेश और राजेंद्र तिग्गा उसी दिन दोनों किशोरियों को मैनपाट घुमाने के लिए ले गए। इसके लिए राजेंद्र की बोलेरो का इस्तेमाल किया गया था। लौटते समय युवकों ने दोनों किशोरियों को जबरदस्ती शराब पिलाई। इसके बाद मांग नदी के किनारे गाड़ी रोकी और उनके साथ गैंगरेप किया। साथ ही किसी को बताने पर मारने की धमकी भी दी। इसके बाद जब किशोरियां विवाह स्थल पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। परिजन युवतियों को लेकर दूसरे दिन 11 जून को सीतापुर थाने पहुंचे और चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू की और इस बीच दुल्हन का भाई अनिल भगत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने तीन दोस्तों  मुकेश तिग्गा, अखिलेश और राजेंद्र तिग्गा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। अब पुलिस इन फरार तीन युवकों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीनों युवकों गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

 

Source : Agency

पाठको की राय