4 लाख जॉब, 75 फीसदी आरक्षण: जाती हुई सरकार के कामों का क्रेडिट ले रहे तेजस्वी, दिया फुल पेज विज्ञापन
पटना.
बिहार में राजनीतिक उठापटक के बीच सियासी दलों का दांव-प्रतिदांव खेल भी जारी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं और आज ही बीजेपी संग एनडीए की सरकार बना सकते हैं। इस बीच राजद ने नया दांव चलते हुए बिहार के अखबारों में फुल पेज विज्ञापन छपवाकर जाती हुई सरकार में किए गए अच्छे कामों का क्रेडिट लेने की कोशिश की है।
विज्ञापन में तेजस्वी के बतौर उप मुख्यमंत्री रहते हुए जो-जो बड़े काम हुए हैं और फैसले लिए गए हैं, उनका उल्लेख किया गया है।
विज्ञापन में सबसे ऊपर लिखा गया है, "धन्यवाद तेजस्वी, आपने कहा, आपने किया और आप ही करेंगे।" इसके नीचे महागठबंधन सरकार के दौरान 4 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने, जातिगत आरक्षण कराने और 75 फीसदी की सीमा तक आरक्षण बढ़ाने जैसे बड़े नीतिगत फैसलों का जिक्र किया गया है। इनके अलावा विज्ञापन में नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने, शहरों में वॉटर ड्रैनेज सिस्टम की व्यवस्था कराने, सड़कों, पुलों, बाईपास का निर्माण, मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना, टूरिज्म, स्पोर्टस और आईटी पॉलिसी, टोला सेवक, विकास मित्र, शिक्षा मित्र, तालीमी मरकज का मानदेय बढ़ाने और विकास और बड़े-बड़े प्रोजेक्ट के लिए उन्हें तेजस्वी यादव को धन्यवाद दिया गया है। यह विज्ञापन राष्ट्रीय जनता दल, महागठबंधन परिवार की तरफ से छपवाया गया है।
आरजेडी के इस विज्ञापन पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने पलटवार किया है और कहा है कि राजद की फिरत नौकरी बदले जमीन लेने की रही है। यही खेल इस बार भी करना चाहती थी, लेकिन नीतीश कुमार ने उसे होने नहीं दिया। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि आरजेडी ने राजस्व विभाग में भी ट्रांसफर-पोस्टिंग के जरिए खेल करने की कोशिश की थी, जिसे नीतीश कुमार ने नहीं होने दिया।
#Tejashwi#credit in advertisement#works of outgoing government#claims#4 lakh jobs#75 percent reservation

पाठको की राय