Wednesday, October 21st, 2026

बस्तर संभाग के 3500 किसान पंजियन से हुए वंचित : कश्यप

जगदलपुर

भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने बताया कि सरकार की लापरवाही से बस्तर संभाग के लगभग 3500 किसानों का धान खरीदी के लिए पंजीयन नही करने से किसान बिना पंजीयन के अपना धान नहीं बेच पाएंगे। सरकार नियमित तौर पर ऐसे प्रावधान ला रही है जिससे हमारे किसानों को असुविधा हो और हमारे किसान भाई कम से कम धान बेच पाएं। कांग्रेस शासन में कभी किसानों के रकबे की कटौती की जाती है तो कभी किसानों को पंजीयन में उदासीनता का सामना करना पड़ता है। इसका खामियाजा हमारे किसानों को भरना पड़ता है।

सरकार लगातार किसानों के साथ दुर्व्यवहार कर रही है। कांग्रेस की इस किसान विरोधी नीति से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होने कहा कि सरकार से मांग है कि ऐसे लोगों पर भी कारवाई की जाए, जो इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहें है। प्रशासन किसानों को हो रही समस्या पर ध्यान दें और किसानों का शत-प्रतिशत धान खरीदे। सरकार अपनी नीतियों में बदलाव कर किसानों के साथ अन्याय करना बंद करे अन्यथा इस विषय को लेकर हमें सड़क पर उतरना पड़ेगा।

 

Source : Agency

पाठको की राय