Monday, October 19th, 2026

350 ड्राइविंग लाइसेंस रोज बनेंगे इंदौर आरटीओ में

इंदौर
 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में एक बार फिर से ड्राइविंग लाइसेंस के स्लाट में बदलाव किया जा रहा है। फिलहाल प्रतिदिन 250 को अपाइंटमेंट दिए जा रहे थे, जिसमें अब 100 लोगों को और जोड़ दिया गया है। अब प्रतिदिन 350 लोग अपने लाइसेंस बनवा सकेंगे। आरटीओ जितेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि जैसे-जैसे शहर कोरोनामुक्त होता जाएगा। हम लाइसेंस के स्लाट बढ़ाते जाएंगे। अगले सप्ताह कुछ और संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। एक जून को जब कार्यालय खुला था तब हमने लर्निंग-पक्के ड्राइविंग लाइसेंस के स्लाट में कटौती कर दी थी। शुरुआत 150 स्लाट से हुई थी। जिसे बढ़ाकर बीते सप्ताह 250 किया गया था। यह निर्णय कोरोना के कारण लिया गया था। अभी लाइसेंस का नवीनीकरण करवाने आने वाले आवेदकों की संख्या ज्यादा है। सरकार ने 30 जून तक का समय ऐसे लोगों को दिया है, जिनका लाइसेंस लाकडाउन की अवधि में समाप्त हुआ है।


रघुवंशी ने बताया कि कार्यालय में लर्निंग लाइसेंस और पक्के लाइसेंस में जिन लोगों का जिस समय का अपाइंटमेंट है, उसी समय उनको अंदर कक्ष में जाने दिया जा रहा है, उससे पहले नहीं। एकदम से भीड़ नहीं बढ़े, इसके लिए सख्ती को और बढ़ा दिया गया है। भीड़ कहीं भी नहीं हो, इसे लेकर कर्मचारी, स्मार्ट चिप कंपनी को भी निर्देश दिए गए हैं। दरअसल, अनलाक होते ही लाइसेंस बनवाने वालों की यहां आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन हम संक्रमण न फैले, इसके लिए सतर्क है। सप्ताह के अंत में कार्यालय को सैनिटाइज करने के लिए भी नगर निगम से चर्चा की जा रही है। जिससे हमारा कार्यालय और सुरक्षित हो जाएगा।

 

#350 ड्राइविंग

Source : Agency

पाठको की राय