Friday, October 23rd, 2026

32 हजार 714 शिक्षकों की होगी बहाली, छठे चरण के नियोजन की बची प्रक्रिया होगी शुरू

पटना
पटना हाई व प्लस टू स्कूलों में 32,714 शिक्षकों के नियोजन की बची प्रक्रिया अब 10 जनवरी को मेधा सूची के प्रकाशन के साथ शुरू होगी, जो 17-18 फरवरी को नियोजन पत्र जारी होने के साथ पूरी होगी. शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को इसकी तिथियां घोषित कीं. 29 जुलाई, 2019 को शुरू हुई यह शिक्षक नियोजन प्रक्रिया संशोधित तिथियों के अनुसार 10 दिसंबर, 2021 पूरी होनी थी, लेकिन पंचायत चुनाव के कारण 22 अक्तूबर को इस पर रोक लगा दी गयी थी.

शिक्षा विभाग की अधिसूचना के अनुसार जिन नियोजन इकाइयों में औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन नहीं हुआ है, वे इसका प्रकाशन 10 जनवरी तक करेंगी. 11 से 25 जनवरी को इस पर आपत्तियां ली जायेंंगी. जिन नियोजन इकाइयों ने आपत्तियों का निराकरण नहीं किया है, वे एक फरवरी तक आपत्तियों का निराकरण करेंगी और तीन फरवरी तक अंतिम मेधा सूची प्रकाशित करनी होगी. 17 फरवरी को नगर निगम व 18 फरवरी जिला पर्षद नियोजन पत्र जारी करेंगे.

मेधा सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार मेधा क्रम में अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए नियत तिथि और स्थान पर बुलाया जायेगा. इच्छुक अभ्यर्थियों से नियोजन की सहमति ली जायेगी. अनुपस्थिति रहने पर उनके नाम अंतिम मेधा सूची से हटा दिये जायेंगे. अंतिम रूप से विषयवार-कोटिवार चयन सूची तैयार की जायेगी. पैनल निर्माण समिति इसे अनुमोदित करेगी. यही अनुमोदित अंतिम चयन सूची होगी. शिक्षक नियोजन के लिए दिव्यांग महिला, दिव्यांग पुरुष व महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जायेगी.

 

Source : Agency

पाठको की राय