Tuesday, October 20th, 2026

जनसुनवाई में आये 25 आवेदन

बड़वानी
मंगलवार को हुई जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सोहन कनाश एवं डिप्टी कलेक्टर डाॅ. अभयसिंह खरारी ने 25 आवेदकों को व्यक्तिगत रूप से सुना तथा मौके पर ही हो सकने वाली समस्याओं का निराकरण कराया। जबकि मांगो से संबंधित आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर परीक्षण कराने एवं उपयुक्त पाये जाने पर उसे आगामी कार्य योजना में सम्मलित करने के भी निर्देश निर्माण एजेंसियो के पदाधिकारियो को दिये।

सिकलसेल बीमारी से पीड़ित को दिलवाई जाये आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में सेंधवा निवासी सपना पिता कलापसिंह ने आवेदन देकर बताया कि वे पिछले 5 से 6 वर्षो से सिकलसेल की बीमारी से पीड़ित है। जिसके कारण उनके शरीर का विकास नही हो पा रहा है। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नही है कि उनका ईलाज करवा सके। अतः उन्हे शासन की योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलवाई जाये। इस पर जनसुनवाई कर रहे संयुक्त कलेक्टर सोहन कनाश ने आवेदन को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पास भेजकर निराकरण हेतु निर्देशित किया।

परिवार पेंशन का नही मिल रहा लाभ
जनसुनवाई में ग्राम करी निवासी नंदूबाई पति स्व. ज्वारसिंह बारेला ने आवेदन देकर बताया कि उनके पति लोक निर्माण विभाग में सहायक वायरमेन के पद पर कार्यरत थे। उनके पति की मृत्यु 02 सितम्बर 2019 को हो गई है, पति की मृत्यु के पश्चात् उन्होने परिवार पेंशन के लिए आवेदन दिया परन्तु उन्हे अभी तक परिवार पेंशन का लाभ नही मिल रहा है। इस पर जनसुनवाई कर रहे संयुक्त कलेक्टर सोहन कनाश ने आवेदन को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख को भेजकर निराकरण हेतु निर्देशित किया।

आधार कार्ड करवाया जाये अपडेट
जनसुनवाई में ग्राम मंदिल निवासी श्रीमति सुमन पति जामसिंग मोरे ने आवेदन देकर बताया कि उन्होने आधार कार्ड के लिए राजपुर एवं अंजड़ के केन्द्रों पर जाकर कार्यवाही पूर्ण की परन्तु फिंगर प्रिंट जनरेट नही होने के कारण उनका आधार कार्ड नही बन रहा है। अतः उनका आधार कार्ड बनवाया जाये। इस पर जनसुनवाई कर रहे डिप्टी कलेक्टर डाॅ. अभयसिंह खरारी ने आवेदन को जिला ई-गर्वनेंस मैनेजर को भेजकर निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।

लोन राशि जमा करने के बाद भी बैंक कर रही है परेशान
जनसुनवाई में ग्राम लोनसराखुर्द निवासी मोहन पिता एडिया ने आवेदन देकर बताया कि उन्होने एयू स्माल फायनेंस बैंक शाखा बड़वानी से आटो रिक्शा हेतु 2 लाख रुपये का ऋण लिया था। जिसकी 7535 रुपये मासिक की 36 किश्ते बैंक द्वारा बनाई गई थी। उनके द्वारा 7550 रुपये की 37 किश्ते प्रतिमाह जमा की गई, उसके बाद भी बैंक द्वारा 34 हजार रुपये बकाया बताये जा रहे है। इस पर जनसुनवाई कर रहे संयुक्त कलेक्टर सोहन कनाश ने आवेदन को एलडीएम को भेजकर निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।

 

#public hearing

Source : Agency

पाठको की राय