Monday, October 19th, 2026

नए साल में प्रदेश के 23 हजार सरपंचों को मिलेगा बढ़ा मानदेय

भोपाल
प्रदेश के 23012 सरपंचों के मानदेय में वृद्धि करने के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ऐलान के बाद पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। सरपंचों को बढ़ा हुआ मानदेय एक जनवरी 2023 से मिलेगा यानी फरवरी में मिलने वाले मानदेय में दोगुने से अधिक बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने सात दिसम्बर को जम्बूरी मैदान में आयोजित सरपंचों के प्रशिक्षण सह प्रबोधन कार्यक्रम में उनके मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की थी। इसमें कहा गया था कि अब तक सरपंचों को 1750 रुपए मानदेय (दूरभाष और सत्कार भत्ता सहित) दिया जा रहा है जो अब 4250 रुपए किया जा रहा है। सीएम की इस घोषणा को वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ने सरपंचों को 4250 रुपए मासिक मानदेय देने के आदेश जारी कर दिए हैं और इसे एक जनवरी से ही देने का आदेश हुआ है। इसकी जानकारी शासन ने सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत और जनपद पंचायत को देकर उस पर अमल के लिए कहा है। गौरतलब है कि सीएम के द्वारा सरपंचों के मानदेय में वृद्धि के बाद पंचों, जनपद पंचायत सदस्यों, जनपद अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों को भी मानदेय वृद्धि का इंतजार है लेकिन अभी सीएम की घोषणा के बाद सरपंचों के मामले में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।

 

#सरपंच

Source : Agency

पाठको की राय