Sunday, October 25th, 2026

202 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित, 5 की मौत 

पटना 
कोरोना की दूसरी लहर में बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हो रहे हैं। पुलिसवाले भी इससे अछूते नहीं है। मुख्यालय के मुताबिक इस वर्ष अबतक 202 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं कोरोना के लक्षण वाले 5 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है। पिछले दो दिनों में ही तीन अफसरों ने दम तोड़ दिया है। सोमवार को ही किऊल जीआरपी के इंस्पेक्टर राज किशोर का निधन हो गया। कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को लेकर पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह और मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार धीरज ने भी इलाज की बेहतर व्यवस्था की मांग की थी। इस पर सोमवार को इनकी वरीय पदाधिकारियों के साथ बातचीत भी हुई। 

पुलिस में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया है। वैसे पुलिसकर्मी जिनमें कोरोना का लक्षण दिखता है तुरंत उनकी जांच कराई जाएगी। जबतक रिपोर्ट नहीं आती उन्हें होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। इसके साथ ही कोरोना संक्रमित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए रेंज आईजी-डीआईजी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। 

मुख्यालय के मुताबिक पुलिस में बढ़ते संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत यदि कोई पुलिस अधिकारी या कर्मी कोरोना संक्रमित पाया जाता है तो उसे बेहतर इलाज उपलब्ध हो इसके लिए रेंज आईजी-डीआईजी को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस मुख्यालय के स्तर पर आईजी (मुख्यालय) नोडल पदाधिकारी होंगे। उनके सहयोग के लिए डीआईजी (कार्मिक), एआईजी (निरीक्षण) और डीजी कंट्रोल रूम के डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

 

#202 पुलिसकर्मी

Source : Agency

पाठको की राय