Thursday, August 13th, 2026

बिहार के 2.57 लाख युवाओं को मिलेगा विशेष कौशल प्रशिक्षण

पटना
बिहार के 2.57 लाख युवाओं को कौशल एवं रोजगार के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य सरकार ने युवाओं को बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप रोजगारपरक बनाने के लिए कुशल युवा कार्यक्रम को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। कैबिनेट में 11 प्रस्तावों को स्वीकृति मिली।

कैबिनेट विभाग के सचिव मो. सोहैल ने बताया कि सात निश्चय 3 में दोगुना रोजगार-दोगुनी आय के तहत कौशल विकास मिशन के कुशल युवा कार्यक्रम को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक विस्तार दिया गया है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 430 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

6436 प्रशिक्षण केंद्रों का संचालन होगा
युवाओं को सोलर, ड्रोन तकनीक, नेटवर्किंग, होम नर्सिंग, मल्टी-स्किल्ड लैब तकनीशियन, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन, ब्यूटी एवं वेलनेस, वेब इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टैली, भाषा और उद्यमिता जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार के अनुसार कार्यक्रम के तहत 6436 प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन से प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इन केंद्रों में हर वर्ष करीब 2.57 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एलएन मिश्रा संस्थान में 14 सौ सीटें बढ़ेंगी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि पटना स्थित ललित नारायण मिश्रा आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान में सीटें बढ़ाकर तीन हजार की जाएगी। वर्तमान में इस संस्थान में 1600 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इस हिसाब से 1400 सीटें बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को एलएन मिश्रा संस्थान में आयोजित छात्रों के इंडक्शन एंड ओरियंटेशन कार्यक्रम ‘आगाज 2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘गंगा टू ग्लोबल’ की अवधारणा के तहत प्रत्येक सत्र में लगभग 100 विद्यार्थियों को एक महीने के लिए विदेश भेजा जाएगा। ताकि, विदेश के अच्छे संस्थानों से विद्यार्थियों को सीखने का मौका मिले। पटना में बनने वाले नए पाटलिपुत्र टाउनशिप में एलएन मिश्रा संस्थान को 10 एकड़ भूमि सेटेलाइट कैंपस की स्थापना के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

संस्थान में विद्यार्थियों के लिए एआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा सेंटर फॉर अर्बन पॉलिसी एंड गवर्नेस की स्थापना भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों की स्थापना कर दी गयी है। 15 जुलाई को जिन 211 डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गयीं, वहां 10 अगस्त से शिक्षकों के योगदान के साथ ही पढ़ाई प्रारंभ हो चुकी है। 551 मॉडल स्कूलों की शुरुआत की गयी है। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि 15 अगस्त से रात्रि 11 के बाद भी बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर शिक्षकों से प्रश्न पूछ सकते हैं।

 

#Kushal Yuva Program

Source : Agency

आपकी राय

6 + 5 =

पाठको की राय