Saturday, October 24th, 2026

18 से 45 साल के लोगों को बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी वैक्सीन

नई दिल्ली
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर जारी है, जहां रोजाना 3 लाख से ज्यादा मामले सामने आने लगे हैं। एक ओर सरकार अस्पतालों में इंतजाम कर रही है, तो दूसरी ओर 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को वैक्सीन लगवाने की छूट दे दी गई है। इसके तहत 1 मई से टीकाकरण अभियान का नया चरण शुरू होगा। इसको लेकर सरकार ने गाइडलाइन जारी कर दी है। साथ ही साफ किया है कि सीधे वैक्सीन सेंटर आने पर वैक्सीन मिलने की सुविधा नहीं रहेगी।

दरअसल अभी 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण प्रक्रिया चल रही है। टीकाकरण से पहले सरकार ने रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया है, लेकिन जब सेंटर्स पर ज्यादा भीड़ नहीं रहती तो आधार कार्ड की फोटो कॉपी ले जाने पर बिना रजिस्ट्रेशन वालों को वैक्सीन लगा दी जाती है, लेकिन नए चरण में ऐसा नहीं होगा। मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्य के समकक्षों को पत्र लिखा है। साथ ही उनसे तीसरे चरण की रणनीति और नियमों की रूपरेखा साझा की। 

स्वास्थ्य सचिव के मुताबिक 1 तारीख से टीकाकरण शुरू हो रहा है, इसके लिए 28 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। ऐसे में जो लोग CoWIN वेबसाइट और आरोग्य सेतु ऐप पर रजिस्ट्रेशन करके सेंटर पहुंचें, उन्हीं को टीका लगाया जाए। इसके अलावा वॉक इन सुविधा को पूरी तरह से बंद कर दिया जाए। वहीं जिन अस्पतालों के पास बिना उपयोग वाला वैक्सीन स्टॉक है, उन्हें 30 तारीख तक वापस करना होगा। इसके बाद नया स्टॉक मिलाया जाएगा।
 

 

#कोरोना

Source : Agency

पाठको की राय