Tuesday, October 20th, 2026

इस अरबपति की कंपनी में निवेशकों के डूबे 170 अरब डॉलर 

नई दिल्ली
चीन की दिग्गज टेक कंपनी Tencent के निवेशकों के लिए जुलाई का महीना काफी महंगा साबित हुआ है। इस महीने में कंपनी के शेयर में 23 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। इस वजह से कंपनी में जिन निवेशकों ने दांव लगाया है, उन्हें अब तक 170 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है। 

सबसे खराब परफॉर्मेंस: ब्लूमबर्ग के आंकड़ों से पता चलता है कि जुलाई महीने के दौरान दुनिया भर की कंपनियों में Tencent का सबसे खराब परफॉर्मेंस रहा है। इस महीने में निवेशकों को दुनिया की जिन टॉप-10 कंपनियों में नुकसान हुआ है, उनमें से 9 सिर्फ चीन की हैं। आपको बता दें कि Tencent समेत अन्य टेक कंपनियां चीन सरकार के निशाने पर है। दरअसल, डेटा सिक्यॉरिटी और फाइनेंशियल स्टैबिलिटी को लेकर चीन की सरकार मुहिम चला रही है। इसी का असर टेक कंपनियों पर भी पड़ रहा है। 

फाउंडर ने दी थी अडानी को टक्कर: दिलचस्प बात ये है कि जुलाई के पहले सप्ताह में ही Tencent के फाउंडर मा हुआतेंग (पोनी मा) ने दौलत के मामले में गौतम अडानी को पछाड़ दिया था। हालांकि, अब मा हुआतेंग की दौलत अडानी से करीब 9 बिलियन डॉलर कम हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मा हुआतेंग की दौलत 45.9 बिलियन डॉलर है और वह दौलतमंद अरबपतियों की रैंकिंग में 30 वें स्थान पर हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय