Friday, October 23rd, 2026

167 करोड़ का आईट्रिपल सी प्रोजेक्ट तैयार, 900 CCTV की निगहबानी में रहेगा शहर

बरेली
शहर की हर गतिविधि पर अब सीसीटीवी कैमरों की नजर रहेगी। 145 चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर 900 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए 167 करोड़ का आईट्रिपल सी प्रोजेक्ट तैयार हो गया है। 25 जून को सीसीटीवी कैमरों का लाइव डेमो होगा। स्मार्ट सिटी के सीईओ अभिषेक आनंद ने देर रात नगर निगम ऑफिस में इसकी तैैयारियों का जायजा लिया। नए भवन में ऊपरी तल पर आईट्रिपल सी का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर अब जल्द शुरू होने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ अभिषेक आनंद ने रात तैयारियों का जायजा लेकर ठेकेदारों को निर्देश दिया कि नए भवन के ऊपरी तल को कैमरों के डेमो के लिए तैयार कर दें। ठेकेदार को भूतल से चौथी मंजिल तक लिफ्ट भी संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि प्रोजेक्ट के तहत शहर के 145 चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर 900 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कंट्रोल रूम से शहर की हर गतिविधि पर निगाह रखी जाएगी। सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि कंपनी हनीवेल के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे डाटा सेंटर का काम 25 जून तक पूरा कर लें।

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शुरू होने के बाद शहर के लोगों के लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा। इस नंबर पर लोग किसी भी तरह की समस्या होने पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज होने के बाद उसे संबंधित विभाग को ऑनलाइन भेज दिया जाएगा और उसका तत्काल निस्तारण कराया जाएगा।

ट्रिपल आईसी प्रोजेक्ट से ट्रैफिक भी कंट्रोल किया जाएगा। स्मार्ट सिटी के जीएम संजय सिंह चौहान ने बताया कि शहर की सुरक्षा और ट्रैफि क मैनेजमेंट पर भी कंट्रोल रूम से ही नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों को ऑपरेट करने के लिए पूरे शहर में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई गई है। यहां से हर चौराहे की ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली को संचालित किया जाएगा।

 

#CCTV

Source : Agency

पाठको की राय