Sunday, October 25th, 2026

एच1एन1 से संक्रमित 13 वर्षीय लड़के की मौत, स्वास्थ्य अधिकारियों ने किया अलर्ट

मल्लपुरम
कुट्टीपुरम में बुखार के कारण मरने वाले 13 वर्षीय लड़के की मौत एच1एन1 वायरस के कारण हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। कुट्टीपुरम के पास पेनकन्नूर के मूल निवासी लड़के की कुछ दिन पहले मृत्यु हो गई थी।

स्वास्थ्य अधिकारी ने किया अलर्ट
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि जिला स्वास्थ्य अधिकारी आर. रेणुका ने गुरुवार को पुष्टि की कि मौत एच1एन1 वायरस संक्रमण के कारण हुई। उन्होंने जनता से ऐसे सभी बुखारों के प्रति सतर्क रहने का भी आग्रह किया।

डेंगू से भी हो रही मौतें
स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि एच1एन1 के अलावा लोगों को डेंगू और लेप्टोस्पायरोसिस के प्रति भी सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में जिले में डेंगू से दो मौतें हुई हैं।

एच1एन1 के लक्षण
एच1एन1 को स्वाइन फ्लू के नाम से जाना जाता है। इसमें पीड़ित को तेज बुखार, खांसी, जुकाम, शरीर दर्द, सिर दर्द, उल्टी आदि जैसी परेशानियां होती है। इस तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए और खुद किसी भी तरह की दवाई नहीं खानी चाहिए।

डेंगू के लक्षण
इस समय देश में डेंगू के मरीज भी तेजी से सामने आ रहे हैं। सभी राज्यों में लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि डेंगू फैलने से बचाया जा सके। डेंगू से संक्रमित होने पर पीड़ित को अचानक बुखार, सिर दर्द, आंखों में जलन, भूख में कमी, मसूड़ों से खून, ऊपरी और निचले अंगों पर रैशेज होने लगते हैं। 

 

#एच1एन1 से संक्रमित

Source : Agency

पाठको की राय