Wednesday, October 21st, 2026

12वीं के छात्र ने अपनी ही क्लास के स्टूडेंट को चाकू से गोदा , स्कूल में अपशब्द कहने पर हुआ झगड़ा

नई दिल्ली

स्कूल में अपशब्द कहने के बाद हुए झगड़े में एक छात्र ने अपनी ही कक्षा के दो छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी छात्र का साथ उसके स्कूल के ही तीन अन्य नाबालिगों ने भी दिया। इस हमले में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा छात्र अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हत्या की सूचना के बाद अंबेडकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस टीम ने घायल के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिससे पूछताछ के बाद तीन नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उपायुक्त बैनिता मेरी जैकर ने बताया कि मृतक छात्र प्रथम अपने परिवार के साथ अंबेडकर नगर इलाके में रहता था और घर के पास के ही सरकारी स्कूल की 12वीं कक्षा में पढ़ता था।

9 मार्च की सुबह करीब 8 बजे प्रथम अपने दोस्त रोहन के साथ स्कूल जा रहा था। जबकि मदनगीर में रहने वाला 18 वर्षीय कुणाल अपने तीन नाबालिग दोस्तों के साथ स्कूल जा रहा था। रास्ते में कुणाल और प्रथम का झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान कुणाल और उसके दोस्तों ने रोहन व प्रथम को जमकर पीटा। आरोपियों ने पत्थरों से दोनों के सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
 

झगड़े के दौरान ही कुणाल ने रोहन व प्रथम पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने दोनों पर 6 से 8 वार किए। लगातार वार करने के लिए प्रथम मौके पर ही बेसुध हो गया और रोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद सभी मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना के बाद पहुंची अंबेडकर नगर थाना इंस्पेक्टर संतोष रावत, एसआई बंसी लाल, एसआई राहुल पंवार की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रथम को मृत घोषित कर दिया। जबकि राहुल का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने राहुल के बयान पर हत्या, हत्या का प्रयास सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। प्राथमिक जांच और मौके पर मौजूद अन्य छात्रों के बयान पर आरोपी छात्र कुणाल की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। जिससे पूछताछ के बाद बाकि तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

 

#चाकू से गोदा

Source : Agency

पाठको की राय