Tuesday, October 20th, 2026

बकरी चराने गए 11 वर्षीय बालक की स्टॉप डैम में गिरकर मौत

ग्वालियर

पनिहार थाना इलाके में बकरी चराने गया 11 वर्षीय बालक अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरे स्टॉप डैम में जा गिरा। जिससे डूब जाने से उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर उसके शव को बाहर निकलवाकर पीएम हेतु पहुंचाने के उपरांत मर्ग कायम कर लिया है।

पनिहार थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में स्थित ग्राम रामपुर निवासी 11 वर्षीय अरबाज पुत्र बनिया खान बीते रोज बकरियां चराने के लिए गांव के पास ही जंगल में गया था। यहां बने स्टॉप डैम के ऊपर पहाड़ी पर बकरियां चली गर्इं। जिन्हें लेकर वह वापस नीचे उतर रहा था, इसी दौरान पैर फिसलने से वह करीब 15 फीट गहरे स्टॉप डैम में जा गिरा। जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। जब रात तक वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिन्होंने पहाड़ी पर उसकी सैंडल पड़ी मिलने पर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बालक के शव को बाहर निकाला। बालक की दूसरी सैंडल उसके ही पैर में मिली है, जिससे माना जा रहा है, कि वह ऊपर से पानी में गिरा होगा। फिलहाल पुलिस ने शव का पीएम करवाने के उपरांत मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय