जिले में उपलब कराई जा रही वैक्सीन का शत्-प्रतिशत उपयोग किया जाये- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी
भोपाल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने विदिशा जिले की क्राइसिस कमेटी मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में कहा कि आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन की गाइडलाइन के अनुरूप अनलॉक की कार्यवाही की जाये। मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव उपरांत अनलॉक प्रक्रिया के क्रियान्वयन के लिए जो रणनीति बनाई है, उन बिन्दुओं को अनलॉक प्रक्रिया में शामिल किया जाये। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर अनलॉक प्रक्रिया में क्या छूट दे सकते हैं, इसका निर्णय जिला स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों को करना हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने जिले में वैक्सीनेशन की जानकारी ली और कहा कि जिले में 45 से अधिक एवं 18 से अधिक के लिए जो वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है, उसका शत्-प्रतिशत उपयोग किया जाये। मंत्री डॉ. चौधरी ने जिले के चिकित्सकों सह-स्वास्थ्य विभाग के अमले के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कोरोना के संकट काल में भी स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य फ्रंट-लाइन वर्करों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए संक्रमितों के उपचार में आगे बढ़कर सहयोग किया है। मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ अमले को मैं हृदय से धन्यवाद देता हूँ।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि विदिशा जिले की कोविड-19 की पॉजिविटी दर 5 प्रतिशत से कम है। ऐसे जिलों में शासन की गाइडलाईन के अनुसार अनलॉक प्रक्रिया की जाये। इन गतिविधियों में उद्योग एवं औद्योगिक गतिविधियाँ चालू रह सकेंगी। इन उद्योग से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिकों को वैध आई कार्ड के साथ आने-जाने की अनुमति रहेगी। इन उद्योगों के कच्चा माल, तैयार माल के परिवहन पर किसी प्रकार की रोक नहीं होगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि अनलॉक में अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, केमिस्ट, मेडिकल इंश्योरेंश कम्पनी, अन्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवायें एवं पशु चिकित्सा अस्पताल क्रियाशील रहेगें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकानें, किराना दुकान, फल-सब्जियाँ, डेयरी-दुग्ध केन्द्र, आटा-चक्की और पशु आहार की दुकानें पूरे दिन के लिए खुली रखी जा सकेगीं। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल पंप, गैस स्टेशन, रसोई गैस सेवायें पूरी तरह से चालू रहेंगी। सभी प्रकार की कृषि गतिविधियों की अनुमति होगी।
बैठक में कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, शमशाबाद विधायक श्रीमती राजसिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष तोरण सिंह दांगी, विदिशा, कलेक्टर डॉ. पंकज जैन, पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नीतू माथुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.एस. अहिरवार एवं मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील नंदेश्वर मौजूद रहें।

पाठको की राय