Saturday, October 24th, 2026

बिहार-खगड़िया में सॉल्वर गैंग के 10 गुर्गे गिरफ्तार, सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले फर्जी OMR शीट व प्रश्नपत्र बरामद

खगड़िया.

खगड़िया में बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के ठीक पहले पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिले के परबत्त थानाक्षेत्र स्थित नयागांव से सॉल्वर गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं, उनके पास से पुलिस ने फर्जी आंसर शीट और प्रश्नपत्र भी जब्त किया है। जानकारी के मुताबिक, यह सभी लोग 80 से 85 छात्रों को इकट्ठा कर नयागांव के एक विवाह भवन में रखे हुए थे। जहां सभी छात्रों से फर्जी ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र को सॉल्व कराया जा रहा था।

यह सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने मंगलवार देर रात सॉल्वर गैंग के 10 सदस्यों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, सभी परीक्षार्थियों को सत्यापन के बाद परीक्षा में शामिल होने के लिए छोड़ दिया गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो परबत्त थानाक्षेत्र के नयागांव निवासी सॉल्वर गैंग के मास्टरमाइंड दिवाकर कुमार ने प्रत्येक छात्र से एक-एक लाख में डील की थी। बताया जा रहा है कि विवाह भवन में सभी परीक्षार्थियों को एकत्रित कर ओएमआर शीट पर प्रश्नपत्र सॉल्व कराया जा रहा था। लेकिन इसकी भनक पुलिस को लग गई और पुलिस में छापामारी कर विवाह भवन से सॉल्वर गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि इस मामले में खगड़िया पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा आज बुधवार को प्रेस वार्ता करेंगे।

 

#Bihar-Khagaria#police constable recruitment exam#10 solver arrested

Source : Agency

पाठको की राय