Thursday, October 22nd, 2026

जयनगर एक्सप्रेस मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से नासिक जाते समय पटरी से उतरे 10 डिब्बे

मुंबई। महाराष्ट्र में नासिक के पास रविवार को ट्रेन हादसा हो गया। यहां तीन बजे के लगभग डाउन लाइन पर लाहवित और देवलाली (नासिक के पास) के बीच 11061 एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। मध्य रेलवे सीपीआरओ ने इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, हादसे की सूचना के तुंरत बाद एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और मेडिकल वैन मौके पर पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार, जयनगर एक्सप्रेस सुबह 11.30 बजे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से नासिक के लिए रवाना हुई थी। दोपहर तीन बजे जब वह देवलाली (नासिक के पास) पहुंची तभी डाउन लाइन ट्रेन के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि तीन-चार लोग जख्मी हुए हैं।  घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ लग गई है।


तीन ट्रेनें रद्द, तीन के मार्ग बदले
जयनगर एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण रेलवे ने इस रूट से जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है तो वहीं कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। मध्य रेलवे सीपीआरओ के मुताबिक, तीन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जिनमें छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से मनमाड जाने वाली  ट्रेन नंबर-12109, मनमाड से छत्रपति शिवाजी टर्मिनस जाने वाली 12110 और ट्रेन नंबर 11401 नंदीग्राम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। वहीं, तीन ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय