सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, संचालक समेत 3 गिरफ्तार, 2 महिलाएं भी हिरासत में
भागलपुर
बिहार के भागलपुर जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र के नवाबबाग कॉलोनी में सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस की रेड में सेक्स रैकेट का संचालक बबलू साह उर्फ अनिल साह के अलावा दो ग्राहकों सुरखीकल के राजेश कुमार और भीखनपुर गुमटी नंबर दो के मो. शहंशाह कुरैसी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राजेश की तिकलामांझी में मिठाई दुकान होने की सूचना है। शहंशाह मीट कारोबारी है। इसके अलावा पुलिस ने दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया है। एसएसपी निताशा गुड़िया को गुप्त सूचना मिली जिसके बाद उन्होंने एएसपी सिटी पूरण झा को छापेमारी के लिए भेजा। एएसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने छापेमारी की। बड़ा सवाल उठ गया है कि बीच शहर में इतने पॉश इलाके में सेक्स रैकेट कैसे चल रहा था? सभी बिंदुओं पर जांच की बात एसएसपी ने कही है।
कटिहार और सोनागाछी की युवतियां हिरासत में
सेक्स रैकट संचालक और ग्राहकों के साथ हिरासत में ली गयी एक युवती कटिहार जिले की रहने वाली है जबकि दूसरी कोलकाता के सोनागाछी की है। एक युवती चार दिन से यहां थी जबकि दूसरी मंगलवार को ही भागलपुर आयी थी। पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला है कि सेक्स रैकेट संचालक बबलू साह के साथ एक महिला भी शामिल है जो बाहर की लड़कियों से बात करती है और यहां आने के लिए उन्हें तैयार करती है। पुलिस उस महिला की भी तलाश कर रही है।
किराए के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट
पुलिस की पूछताछ में यह पता चला है कि बबलू साह उर्फ अनिल साह नवाबबाग कॉलोनी में नौ हजार रुपये पर महीने पर तीन कमरे का फ्लैट किराये पर लेकर सेक्स रैकेट चला रहा था। मकान मालिक बाहर रहते हैं, जिसका फायदा संचालक उठा रहा था। मंगलवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे छापेमारी के लिए जैसे ही पुलिस पहुंची बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। नवाबबाग कॉलोनी पॉश कॉलोनी है और कई वीआईपी लोग रहते हैं। उस कॉलोनी में सेक्स रैकेट चलने की बात सुन सभी आश्चर्य में थे। भीड़ को देखते हुए सेक्स रैकेट संचालक और ग्राहकों को वहां से निकालना पुलिस के लिए चुनौती बन गयी थी।

पाठको की राय