नागपुर शहर में 15 से 21 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन
पुणे
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार ने नागपुर में पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है. नागपुर के पालक (प्रभारी) मंत्री नितिन राउत ने गुरुवार को ऐलान करते हुए कहा कि शहर में 15 से 21 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा, यानि किसी को भी बाहर निकलने की इजाजत नहीं रहेगी, सिर्फ जरूरी सामानों की दुकानें खुली रहेंगी.
आपको बता दें कि नागपुर में बुधवार को 1710 नए मामले सामने आए थे. 173 दिन बाद कोरोना के सबसे अधिक मामले एक दिन में आने का यह रिकॉर्ड है. नागपुर नगर निगम ने बुधवार को कहा था कि कोरोना के नए मामले महिलाओं और 20 से 40 आयु वर्ग के लोगो में आ रहे हैं. नगर निगम प्रशासन ने कहा था कि लोग कोरोना को हल्के में ले रहे हैं.
नागपुर नगर निगम के कमिश्नर राधाकृष्णन बी ने बुधवार को कहा था कि लोग महामारी को हल्के में ले रहे हैं, बिना उनकी मदद हम इस महामारी पर काबू नहीं पा सकते हैं, सरकार ने सभी आर्थिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं, हम नहीं चाहते हैं कि पूर्ण लॉकडाउन लगाया जाए, लेकिन अगर हालात खराब होते हैं तो हम लॉकडाउन का ऐलान कर सकते हैं.'
14 मार्च तक जारी रहेगी पहले से लगी पाबंदी
नागपुर में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार ने 14 मार्च तक नाइट कर्फ्यू लगाया हुआ है. सभी होटल, माल, रेस्तरां और प्राइवेट ऑफिस को वीकेंड पर बंद करने का आदेश दिया गया था. हालांकि, वीकेंड पर सिर्फ जरूरी सामानों की दुकानों को खोलने की इजाजत दी गई थी. अब कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया गया है.

पाठको की राय