Wednesday, October 21st, 2026

विधानसभा: प्रश्न काल शुरू होने से पहले सदन में हास-परिहास का दौर

भोपाल
धार जिले के मनावर विधानसभा क्षेत्र में अल्ट्राटेक कम्पनी को खनन की अनुमति दिए जाने पर विधायक हीरालाल अलावा ने सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में पेसा कानून का पालन किए बगैर खनन कराया जा रहा है और साढ़े चार हजार हेक्टेयर में कम्पनी खनन कर रही है।

विधायक अलावा ने पूछा कि मनावर विधान सभा क्षेत्र अन्तर्गत कितनी खदानों से कितने प्रकार के खनिज प्राप्त होते हैं? कितनी खदानें गिट्टी क्रशर वर्तमान में संचालित हो रहे हैं? खदानों, गिट्टी क्रशर के आवंटन की तिथि, लीज समाप्त होने की तिथि एवं संचालकों के नाम सहित ब्यौरा दिया जाए। खदानों, गिट्टी क्रशरों के आवंटन/नीलामी से पूर्व ग्रामसभा की अनुमति ली थी? अनुमति नहीं ली गई तो विधिसम्मत कारण बताएं। प्रश्नोत्तर काल में मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने जवाब में कहा कि चूना पत्थर की हाईक्वालिटी खनिज के लिए केंद्र के कानून के मुताबिक किसी तरह की अनुमति की जरूरत नहीं होती है।

गौण खनिज के मामले में यह अनुमति ली जाती है। अगर विधायक को कहीं दिक्कत है तो उसका परीक्षा करा लेंगे। उन्होंने कहा कि 27 में से18 मिट्टी खदानों का संचालन इस क्षेत्र में हो रहा है। 35 स्थानों पर निरीक्षण भी कराया गया है।

प्रश्न काल शुरू होने से पहले सदन में हास-परिहास का दौर हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पेंट शर्ट में देखकर नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने कहा कि आप इस रूप में आया कीजिए अच्छे लगते हैं। इन पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा आप रूप बदलते हैं। इस पर कमलनाथ बोले मैं तो हमेशा एक ही रूप में रहता हूं पर जल्द ही रूप बदलूंगा।

इस पर मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मैंने भी आपको एक ही रूप में देखा है कितनी भी कड़ाके की ठंड हो आप इसी रूप में दिखते हैं जाने क्या खाते पीते हैं। डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि आखिर कमलनाथ क्या खाते है, हमेशा एक से ही रहते हैं। इस पर कमलनाथ ने अध्यक्ष से कहा कि एक ट्रैनिंग प्रोग्राम रख लें फिर सबको बताऊंगा। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो रूप जनता को पसंद है मैं उसी रूप में रहता हूं और जो आपको पसंद होगा उस रूप में भी रहूंगा।

 

#विधानसभा#विधायक हीरालाल#सरकार

Source : Agency

पाठको की राय