तारीख के ऐलान से पहले टिकट फाइनल करने के लिए बीजेपी ने मांगे आवेदन
मुजफ्फरनगर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण की तस्वीर लगभग फाइनल होने के साथ ही चुनावी हलचल तेज हो चुकी हैं। मुजफ्फरनगर में पंचायत चुनाव के लिए अपना ड्रीम टारगेट पाने को भाजपा ने कमर कसते हुए कार्यकर्ताओं को तैयारी में लगा दिया है, वहीं ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्यों के पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन भी मांगे हैं। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को 498 ग्राम पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा भाजपा समर्थित प्रधान निर्वाचित कराने का लक्ष्य भी दिया है। भाजपा पहले ही जिला पंचायत के सभी 43 वार्डो के लिए अपने प्रभारी नियुक्त कर चुकी है जबकि सभी नौ ब्लॉक में भी प्रभारी बनाए जा चुके हैं। भाजपा जिला संगठन प्रभारी चंद्रमोहन सिंह ने बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय गाँधीनगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला व संचालन जिला महामंत्री रोहिल वाल्मिकी ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी चंद्रमोहन सिंह उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला द्वारा समस्त ब्लॉक संयोजक, वार्ड प्रभारी, वार्ड संयोजक, मण्डल प्रभारी, मण्डल अध्यक्ष, की उपस्थिति कर समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि आगामी सभी बैठकें ब्लॉक व वार्ड स्तर पर होगी।

पाठको की राय