Wednesday, October 21st, 2026

राहुल गांधी ने 2014 में गोद लिया था जगदीशपुर गांव, लोग बोले- जो एक गांव नहीं संवार पाए, देश कैसे चलाएंगे?

 अमेठी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल धुआंधार प्रचार में लगे हैं। इसबीच हिंदुस्तान की टीम भी चुनावी यात्रा को लेकर ग्राउंड जीरो से वोटर्स का मूड समझने की कोशिश में लगी है। चुनावी यात्रा के दौरान हमने कभी कांग्रेस का गढ़ रहे अमेठी का भी इस दौरा किया। इस दौरान हम उस गांव में भी पहुंचे जिसे साल 2014 में राहुल गांधी ने 'सांसद आदर्श ग्राम योजना' के तहत गोद लिया था। इस गांव के लोगों में कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर काफी रोष है।

जगदीशपुर के रहने वाले त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी ने जब इस गांव को गोद लिया तो यहां बदलाव की उम्मीद जगी। एक मंच दिखाते हुए त्रयंबक ने कहा, 'इसी मंच पर खड़े होकर राहुल गांधी ने हमारे गांव को गोद लेने की बात कही थी। लेकिन उसके बाद से आज 2022 हो गया, राहुल गांधी की सांसदी चली गई लेकिन उन्होंने इस गांव की तरफ पलटकर नहीं देखा। यहां ना स्वास्थ्य की सुविधाएं हैं और ना ही शिक्षा की। सड़कें खस्ताहाल हैं। जो एक गांव नहीं संवार पाया, वो देश कैसे चलाएगा।'

गांव के सचिवालय का हाल बेहाल
जगदीशपुर के रहने वाले एक और निवासी ने कहा कि हमारे गांव के प्रधान ने कोशिश की, लेकिन उनके पास इतना बजट नहीं होता है कि वो सबकुछ ठीक करवा सकें। उन्होंने कहा, 'इस गांव का सचिवालय खंडहर जैसा पड़ा है। गांव वालों के पास कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां लोग अपनी शिकायत कर सकें। ना पंचायत सचिव 10 सालों से यहां आए, ना प्रधान। इसकी शिकायत सीडीओ तक से की गई लेकिन हमारी तरफ किसी ने नहीं देखा।' उन्होंने कहा कि इस गांव में गड्ढेदार सड़कें हैं, पाइप से पानी की आपूर्ति की भी कोई व्यवस्था नहीं है और स्वास्थ्य सुविधाएं भी न के बराबर हैं।
 

स्मृति से काफी उम्मीदें
गांव के लोगों का कहना है कि एक सांसद के तौर पर राहुल गांधी बहुत कुछ कर सकते थे, लेकिन उन्होंने नहीं किया।  एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि राहुल के गोद लेने के बाद यहां नपाई वगैरह हुई थी, लेकिन फिर पूरा मामला ठप हो गया। वहीं नई सांसद स्मृति इरानी को लेकर लोग संतुष्ट दिखे लेकिन और ज्यादा सुविधाओं की उम्मीद जताई। लोगों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कोई विशेष काम नहीं हुआ है लेकिन पूरे संसदीय क्षेत्र की बात करें तो स्मृति ने काफी कुछ कराया है और लगातार करा रही हैं।

 

#राहुल गांधी

Source : Agency

पाठको की राय