राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे जबलपुर, राज्यपाल-CM सहित कई ने की अगवानी
जबलपुर
जबलपुर में शनिवार को ज्यूडिशियल एकेडमी डायरेक्टर्स रिट्रीट कार्यक्रम शुरू हुआ. कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, CJI शरद अरविंद बोबडे, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस मोहम्मद रफीक और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई मंत्री, विधायक और अधिकारी शामिल हैं.
कार्यक्र में CJI शरद अरविंद बोबड़े ने कहा कि संवाद नए आयाम स्थापित करता है. न्याय एक अनोखी प्रक्रिया है. हमारे लिए सामाजिक परिवेश, आर्थिक स्थिति, राजनैतिक स्थिति समझना जरूरी है. हमें समय के साथ विकसित हो रही न्याय व्ययस्था को भी समझना जरूरी है. आज की ये रिट्रीट बेहतर संवाद स्थापित करेगी. सीजेआई ने पूर्व राष्ट्रपति स्व. एपीजे अब्दुल कलाम को भी याद किया.
सीजेआई बोबडे ने सवाल किया- एक न्यायाधीश बनने के लिए क्या आवश्यक है ? क्या सिर्फ विधि का ज्ञाता अच्छा न्यायाधीश बन सकता है ? न्याय क्षेत्र का विस्तार हर स्तर पर जरूरी है. आज हम सिविल परिवाद से जनहित याचिका तक पहुंच गए हैं. कुछ प्रदेशो में चयनित न्यायाधीशों को न्यायिक अकादमी बुलाया जाता है तो कुछ को सीधे न्यायालय. मेरे ख्याल से पहले अकादमी आना चाहिए उनके बाद न्यायालय.
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बात के प्रयास करने होंगे कि आम आदमी को कैसे सुखी रखा जाए. जब किसी को न्याय मिलता है तो आत्मा सुखी हो जाती है. भारत की न्यायपालिका को वो प्रतिष्ठा प्राप्त है, जिसमें हर आदमी को भरोसा है. न्यायपालिका पर आम आदमी पूरा-पूरा भरोसा करता है.
कार्यक्रम शुरू होने से पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जबलपुर के डुमना विमानतल पर सुबह 9:40 पर आगमन हुआ. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आगवानी और स्वागत करने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस मोहम्मद रफीक समेत अन्य मंत्री, विधायक और उच्च न्यायालय के तमाम न्यायाधीश पहुंचे. गौरतलब है कि अपने दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ज्यूडिशियल एकेडमी डायरेक्टर्स रिट्रीट के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस सर्किट हाउस आएंगे और शाम 5:00 बजे तक उनका समय आरक्षित रखा गया है.
बता दें, रात्रि विश्राम के बाद 7 मार्च को राष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे दमोह के लिए रवाना होंगे. दमोह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे जबलपुर डुमना एयरपोर्ट आएंगे और यहां से दोपहर 2 बजे दिल्ली रवाना होंगे.

पाठको की राय