Monday, October 19th, 2026

PM आवास का लालच देकर सरपंच ने महिला के साथ की दुष्कर्म, पुलिस ने दर्ज किया मामला

ग्वालियर.
 मुरैना जिले के एक सरपंच पर एक विवाहित महिला से रेप का आरोप लगा है. महिला का कहना है प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर सरपंच ने उसे बुलाया और जंगल में ले जाकर रेप किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के लूटपुरा इलाके की रहने वाली विवाहिता ने सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले मुरैना जिले के शनिचरा गांव के सरपंच जंडेल सिंह गुर्जर से उसकी पहचान हुई थी. उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का भरोसा दिलाया था. इसी सिलसिले में महिला की आरोपी सरपंच से बातचीत हुई थी. इसके बाद सरपंच ने उसे बुलाया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का कहकर अपनी कार में बैठाकर ले गया.

जंगल में दुष्कर्म
महिला का कहना है कि आरोपी उसे साताऊ के जंगल में ले गया. यहां उसने डरा धमका कर रेप किया. इसके बाद वो जंगल में छोड़कर भाग निकला. घटना के बाद पीड़ित महिला सड़क पर पहुंची. राहगीरों की मदद से वह ग्वालियर आई. यहां उसने अपने परिवार को पूरी घटना बताई.

पुलिस ने दर्ज किया अपहरण और दुष्कर्म का मामला
इसके बाद पीड़िता परिवार के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची. यहां महिला ने मामले की शिकायत दर्ज की. घटनास्थल आंतरी थाना इलाके में आता है. ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता को आंतरी थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए भेज दिया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सरपंच जंडेल सिंह गुर्जर के खिलाफ अपहरण और रेप का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए  दबिश दे रही है.

 

#PM आवास का

Source : Agency

पाठको की राय