Thursday, October 22nd, 2026

OIC की बैठक में कश्मीर का जिक्र छेड़ने पर भारत ने चीन को लताड़ा, कहा- आपको बोलने का कोई अधिकार नहीं

 नई दिल्ली


ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कॉर्पोरेशन (OIC) की बैठक में कश्मीर का जिक्र करने को लेकर भारत ने चीन को जमकर लताड़ लगाई है। भारत ने चीन से दो टूक शब्दों में कहा है कि कश्मीर हमारा घरेलू मामला है जिसपर किसी को बोलने का अधिकार नहीं है। दरअसल पाकिस्तान द्वारा आयोजित ओआईसी की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अपने भाषण में जम्मू-कश्मीर का जिक्र किया था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीनी विदेश मंत्री के भाषण के इस हिस्से को बिना वजह का संदर्भ करार दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये पूरी तरह भारत का मसला है जिसपर चीन समेत किसी देश को बोलने का हक नहीं है।

भारत सरकार ने चीनी विदेश मंत्री के बयान की निंदा ऐसे समय पर की है जब चीन के विदेश मंत्री के अगले दो दिनों में भारत आने की संभावना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंघम बागची ने कहा- चीन के विदेश मंत्री वांग ये के भाषण के उस हिस्से को हम खारिज करते हैं जिसमें वो बिना किसी संदर्भ के भारत का जिक्र कर रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से जुड़ा कोई भी मसला भारत का अंदरुनी मामला है। चीन समेत दूसरे किसी भी देश के पास इस संदर्भ में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। दूसरे देशों को ये ध्यान रखना चाहिए कि भारत अपने आंतरिक मामलों के बारे में दूसरों के सामने बोलने से बचता है।

दरअसल ओआईसी के मंच से यांग ने कहा था कि हमने अपने कई इस्लामिक दोस्त मुल्कों से कश्मीर के बारे में सुना। हम उनकी सोच के साथ हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान ओआईसी के सामने कश्मीर का रोना रो रहा है। इमरान खान ने ओआईसी को संबोधित करते हुए कहा कि हम मिलकर भी फिलिस्तीन और कश्मीर का मसला सुलझाने में नाकाम रहे हैं।

 

#OIC

Source : Agency

पाठको की राय