Wednesday, October 21st, 2026

नगरीय निकायों में बढ़े तीन लाख मतदाता, पंचायतों मे 7 लाख 47 हजार मतदाता बढ़े

भोपाल
प्रदेश के सभी 407 नगरीय निकायों की नई मतदाता सूची का कल प्रकाशन हो गया। आज सभी जिलों में कलेक्टर आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों साथ बैठक कर उन्हें अद्यतन मतदाता सूची की सीडी प्रदान कर रहे है और उनसे चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर रहे है।  राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी पूरी कर ली है। प्रदेश के 344 नगरीय निकायों में जहां कार्यकाल पूरा हो चुका है वहां दो चरणों में चुनाव का एलान कभी भी हो सकता है। संभावना अप्रैल माह में चुनाव कराए जाने की बन रही है। पंचायत चुनाव बोर्ड एक्जाम होंने के बाद कराए जा सकते है।

पिछले साल की अपेक्षा इस साल  शहरी क्षेत्रों में 3 लाख 4781 मतदाता बढ़ गये है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों मेंं मतदाताओं की संख्या  7 लाख 47 हजार 842 बढ़ी है। सभी कलेक्टरों के साथ 6 मार्च को राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए चर्चा करेंगे। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी के चुनाव में उपयोग पर बात की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डीवी सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग  मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की फर्स्ट लेवल चेकिंग का काम पूरा करा चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग के पास इस समय 54 हजार कंट्रोल यूनिट और 1 लाख 65 हजार बैलेट यूनिट का इंतजाम है। भारत निर्वाचन आयोग ने जिलों में उनके कंपार्टमेंट में ईवीएम रखने की अनुमति दे दी है। जिलों को सभी जरुरी सामग्री भी भेजी जा चुकी है। निकाय चुनावों के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण भी कराया जा चुका है।

नकाय चुनाव के लिए प्रदेश में लगभग बीस हजार बूथ बनाए जाएंगे। वहीं पंचायत चुनाव के लिए 75 हजार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। कोरोना के प्रकोप के चलते प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक हजार 50 मतदाता रखे गए थे। लेकिन मतदाता सूची का पुनरीक्षण में कई वार्डो में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग विचार कर रहा है कि जहां कोरोना का प्रकोप कम है वहां मतदाताओं की संख्या बूथों पर बारह सौ तक रखी जा सकती है। छह मार्च को कलेक्टरों से चर्चा के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनावी तारीखे तय कर इसी पखवाड़े में चुनावी तारीखों का एलान कर सकता है। जहां कोरोना का प्रकोप ज्यादा है वहां सोशल डिस्टेंसिंग,मास्क, हेंडग्लोब्स और सेनेटाईजर का उपयोग अनिवार्य रहेगा।

 

#नगरीय निकाय

Source : Agency

पाठको की राय