Wednesday, October 21st, 2026

केकेआर ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कायम, त्रिपाठी और वेंकटेश रहे जीत के हीरो

नई दिल्ली
आईपीएल 2021 के 34वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का सामना डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस से हुआ। केकेआर ने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते एकतरफा मुकाबले में रोहित शर्मा की पलटन को 7 विकेट से हार का स्वाद चखाया। मुंबई द्वारा दिए गए 156 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने राहुल त्रिपाठी की 74 और वेंकटेश अय्यर की 53 रनों की तूफानी पारी की बदौलत महज 15.1 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने क्विंटन डिकॉक की 55 रनों की अर्धशतकीय पारी के बूते 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 155 रन बनाए थे। केकआर की ओर से गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा और लॉकी फर्ग्यूसन ने दो-दो विकेट चटकाए।  156 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी कोलकाता को शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर ने बेहतरीन शुरुआत दी और दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 3 ओवर में ही 40 रन जोड़े। गिल 9 गेंदों में 13 रनों की पारी खेलकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर पवेलियन लौटे। इसके बाद वेंकटेशन और राहुल त्रिपाठी ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर लंका लगाई और  मैदान के चारों तरफ बेहतरीन शॉट्स लगाए। इस दौरान दोनों ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वेंकटेश अपने आईपीएल करियर की पहली फिफ्टी जड़ने के बाद बुमराह की बॉल पर क्लीन बोल्ड होकर चलते बने। लेकिन, दूसरे छोर से राहुल ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। मुंबई की ओर से गेंदबाजी में तीनों ही विकेट बुमराह के नाम रहे। 

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत शानदार रही और कप्तान रोहित शर्मा और डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 78 रनों की पार्टनरशिप की। रोहित अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 33 रन बनाकर आउट हुए। सूर्याकुमार यादव यूएई की धरती पर लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप रहे और सिर्फ 5 रन ही बना सके। वहीं, ईशान किशन ने भी निराश किया और वह 14 रन बनाकर लॉकी फर्ग्यूसन का शिकार बने। अंतिम ओवरों में कीरोन पोलार्ड और क्रुणाल पांड्या ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, जिसकी बदौलत मुंबई 155 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। इस हार से केकेआर जहां प्वॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है तो वहीं मुंबई इंडियंस छठे नंबर पर आ गई है।
 

 

#KKR

Source : Agency

पाठको की राय