IPL 2021: इंग्लैंड की ठंड के बाद यूएई के गर्मी से बेहाल हुए ऋषभ पंत, एडजस्ट करने के लिए निकाला नायाब तरीका
दुबई
ब्रिटेन के लंबे दौरे के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के गर्म हालात के अनुकूल होने के लिए जरूरी क्वारंटाइन के दौरान अपने होटल के कमरे की बालकनी में समय बिताया। पंत जब रविवार से बहाल हो रही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले शुक्रवार को पहले ट्रेनिंग सेशन में उतरे, तो भी वे गर्मी के कारण सहज महसूस नहीं कर रहे थे। पंत ने कहा कि इस समय पर उनका ध्यान यूएई के हालात के अनुकूल होने पर लगा है।
उन्होंने कहा, 'यहां यूएई में बहुत गर्मी है। मैं यहां के हालात के अनुरूप खुद को ढालने के लिए अपने क्वारंटाइन के दौरान बालकनी में बैठने की कोशिश कर रहा था। लेकिन जब मैंने आज यहां पहले अभ्यास सेशन में हिस्सा लिया तो भी यहां काफी गर्मी महसूस हुई।' पंत ने कहा, 'मैं अभी इन हालात के हिसाब से खुद को ढालने की कोशिश कर रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि दो-तीन दिन में पूरी तरह से ढल जाऊंगा।'
इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि उनकी टीम आईपीएल 2021 सीजन के पहले हाफ के शानदार प्रदर्शन को जारी रखने की कोशिश करेगी। दिल्ली कैपिटल्स इस समय आठ मैचों में 12 प्वॉइंट्स लेकर प्वॉइंट टेबल में टॉप पर है। पंत ने कहा, 'हमारा एकमात्र लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है, लेकिन हम अपनी प्रक्रिया पर भी ध्यान लगाएंगे। उम्मीद करते हैं कि हम वैसा ही खेल दिखाएंगे, जो हमने आईपीएल 2021 के पहले हाफ में दिखाया था। अगर ऐसा हुआ तो हम इस साल आईपीएल ट्रॉफी भी जीत सकते हैं।'

पाठको की राय