Wednesday, October 21st, 2026

Go First ने बैंकों से मांगे ₹425 करोड़, अब 28 जून तक ठप रहेगी एयरलाइन की उड़ान

नई दिल्ली

स्वैच्छिक दिवाला प्रक्रिया से गुजर रही एयरलाइन गो फर्स्ट की उड़ान सेवाएं अब 28 जून तक के लिए ठप रहेंगी। गो फर्स्ट ने शनिवार को ट्विटर पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी है। प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन ने कहा कि परिचालन कारणों से 28 जून 2023 तक गो फर्स्ट की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हम किसी भी असुविधा के लिए क्षमा चाहते हैं और ग्राहकों से अधिक जानकारी के लिए http://shorturl.at/jlrEZ पर जाने का अनुरोध करते हैं। किसी भी प्रश्न या चिंता के लिए, कृपया बेझिझक हमसे संपर्क करें।

425 करोड़ रुपये की मांग: इस बीच, गो फर्स्ट के समाधान पेशेवर शैलेन्द्र अजमेरा ने पुनरुद्धार योजना को चालू करने के लिए एयरलाइन के फाइनेंसरों से 425 करोड़ रुपये की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो इस रकम से तुरंत परिचालन शुरू करने में मदद मिलेगी। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक इस सप्ताह की शुरुआत बैठक में फंड का प्रस्ताव गो फर्स्ट के ऋणदाताओं की समिति के सामने रखा गया था। ऋणदाताओं की समिति में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईडीबीआई बैंक और डॉयचे बैंक शामिल हैं।

3 मई से ठप है उड़ान सेवाएं:आपको बता दें कि गो फर्स्ट की उड़ान सेवाएं 3 मई से ठप हैं। एयरलाइन के मुताबिक प्रैट एंड व्हिटनी (पीएंडडब्ल्यू) से इंजन की आपूर्ति नहीं मिलने की वजह से अपने बेड़े के आधे से अधिक यानी 28 विमानों को खड़ा करना पड़ा और नकदी का संकट पैदा हो गया। इस हालात में गो फर्स्ट ने स्वैच्छिक दिवाला प्रक्रिया के लिए एनसीएलटी के पास आवेदन किया। एनसीएलटी ने दिवाला प्रक्रिया के इस आवेदन को मंजूरी दे दी।

 

 

#Go First

Source : Agency

पाठको की राय