असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने दावा किया- सत्ता में आए तो महिलाओं को सरकारी नौकरी में देंगे 50 प्रतिशत रिजर्वेशन
गुवाहाटी
असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने दावा किया है कि अगर वो सत्ता में आते हैं तो महिलाओं को सरकारी नौकरी में 50 प्रतिशत का आरक्षण देंगे। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने गुरुवार (04 मार्च) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व गंठबंधन महाजोत सत्ता में आती है तो हम महिलाओं को सरकारी नौकरी में 50 फीसदी रिजर्वेशन की गांरटी देते हैं। सुष्मिता देव ने कहा, महाजोत का मुख्य उद्देश्य युवाओं और महिलाओं का कल्याण करना है। कांग्रेस ने असम में एआइयूडीएफ, बीपीएफ, सीपीआइ, सीपीएम, सीपीआइ (एमएल) और आंचलिक गण मोर्चो (एजीएम) के साथ चुनावी गठबंधन किया है।
कांग्रेस नेता सुष्मिता देव ने कहा, अगर हम सत्ता में आते हैं तो महिलाओं के लिए सभी नौकरियों में 50% आरक्षण होगा। अगर आप असम की जनगणना के आंकड़ों पर नजर डालेंगे तो महिलाओं की जनसंख्या 49 प्रतिशत से अधिक है और कोई भी समाज, कोई भी राज्य और कोई भी देश तब तक प्रगति नहीं कर सकता जब तक कि 50 फीसदी आबादी को समान अवसर नहीं दिया जाता है। सुष्मिता देव ने कह, हम नौकरी सृजन के लिए एक अलग मंत्रालय बनाएंगे। और एक जिम्मेदार मंत्री के रूप में अपने वादों पर जवाबदेही के साथ-साथ गारंटी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में पचास प्रतिशत आरक्षण एक ऐतिहासिक घोषणा है और हम इस गारंटी को पूरा करेंगे।
बीजेपी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने बीते पांच सालों में 25 लाख नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन असल में पांच साल में केवल 80 हजार युवाओं को ही रोजगार मिले हैं। बता दें कि चुनाव आयोग के मुताबिक असम में तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में असम में 47 सीटों पर 29 मार्च को चुनाव होने हैं, वहीं दूसरे चरण में 39 सीटों पर एक अप्रैल को चुनाव होने हैं। तीसरे चरण में 40 सीटों पर 6 अप्रैल को चुनाव हैं। चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे। असम में विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं।

पाठको की राय