Wednesday, October 21st, 2026

तीसरे टी20 मैच में भी युजवेंद्र चहल की हुई जमकर पिटाई

 नई दिल्ली 
भारत की टीम को तीसरे टी20 मैच में इंग्लैंड के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टीम के गेंदबाज 157 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे। टीम के मुख्य स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल एकबार फिर काफी साबित हुए और उन्होंने अपने चार ओवर में 41 रन लुटाए। सीरीज में यह दूसरा मौका है जब चहल ने अपने स्पेल में 40 से ज्यादा रन दिए हैं। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद चहल ट्विटर पर फैन्स के निशाने पर रहे और जमकर ट्रोल हुए। 

  
लेग स्पिन गेंदबाज ने तीसरे टी20 मैच में जेसन रॉय का विकेट अपने पहले ही ओवर में चटकाया, लेकिन इसी ओवर में जोस बटलर ने उनको दो लंबे सिक्स भी जड़े। चहल के स्पेल की पहली ही गेंद पर बटलर ने मिडऑन के ऊपर से छक्का लगाकर उनका स्वागत किया। चहल बटलर के निशाने पर रहे और उन्होंने भारतीय स्पिन गेंदबाज के खिलाफ जमकर रन बटोरे। चहल ने पहले टी20 मुकाबले में भी अपने चार ओवर में 44 रन लुटाए थे। युजवेंद्र चहल की खराब गेंदबाजी को देखकर ट्विटर पर फैन्स ने उनको जमकर ट्रोल किया और कुलदीप यादव के साथ उनके टी20 आंकड़ों की तुलना भी की। 

  
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारत की टीम ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। टीम की तरफ से कप्तान विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सीरीज में लगातार अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा। हालांकि, कोहली के अलावा, कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर नहीं खेल सका। इंग्लैंड की टीम ने 18.2 ओवर में 157 रनों के लक्ष्य को महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लिश टीम की तरफ से जोस बटलर 83 रन बनाकर नाबाद लौटे।

 

#युजवेंद्र चहल

Source : Agency

पाठको की राय